कीर्ति कुल्हारी का एक बयान चर्चाओं में आ गया है। हाउस हेल्प की सैलरी को लेकर कीर्ति कुल्हारी ने कुछ ऐसा बयान दिया जिसके बाद कुछ लोग अब उन्हें लताड़ लगा रहे हैं। कीर्ति कुल्हारी ने अपने हालिया इंटरव्यू में कुछ ऐसा बोल दिया जिसके बाद एक नई कंट्रोवर्सी खड़ी हो गई है। एक्ट्रेस ने अपनी हाउस हेल्प की सैलरी पर सवाल उठाया है और ऐसे में एक्ट्रेस और होस्ट मिनी माथुर ने भी इस मामले पर अब टिप्पणी कर दी है।
कीर्ति कुल्हारी के बयान से आया सोशल मीडिया पर तूफान
दरअसल, कीर्ति कुल्हारी ने अपने इंटरव्यू में कहा, 'मैं अपने मैनेजर से भी डिसकस कर रही थी, अभी मैंने यारी रोड में एक नए घर में शिफ्ट किया है और कुक और मेड ने जो रेट बताए, उन्हें देखकर मुझे लगा, ‘ये रेट कैसे सही हो सकते हैं?’ कीर्ति कुल्हारी की बात सुनकर जब होस्ट ने उनसे पूछा कि क्या लगभग कितना चार्ज कर रहे होंगे? इस सवाल पर पहले तो कीर्ति कुल्हारी हंस पड़ीं और फिर उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता, जैसे दो घंटे के काम के लिए जिसमें झाड़ू लगाना, पोछा लगाना, बर्तन धोना शामिल है। मैं चाहती थी कि जितना दो घंटे में हो सकता है, जैसे डस्टिंग, कपड़े, जो हो सकता है, वह सब आप करेंगे घर का।'
मेड की सैलरी पर कीर्ति की टिप्पणी
कीर्ति ने आगे कहा, 'वो मुझसे 10,000 रुपये चार्ज कर रही थी। मैं सोच रही थी कि तुम दो घंटे आ रही हो और अपने हिसाब से जितना काम होता है कर रही हो और फिर तुम मुझसे किसलिए 10,000 रुपये ले रही हो? उस समय हम सोच रहे थे, क्या वो हमें देखकर यह मान रहे हैं कि हमारे पास पैसा तो होगा, इसलिए वो और भी मांग सकते हैं?'
मिनी माथुर ने कीर्ति कुल्हारी को दिया करारा जवाब
अब कीर्ति कुल्हारी के इस बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। मिनी माथुर ने अब इस मामले में कमेंट करते हुए लिखा, 'सोचिए कि उसके दो घंटे हमें दो घंटे में कितना कमाने में मौका देते हैं। यह दुनिया में कहीं भी न्यूनतम मजदूरी से कम है।' अब मिनी माथुर ने जिस तरह से सैलरी वाले बयान पर मेड का पक्ष लिया है, उनकी भी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।