'मास्टरशेफ 1' की विनर शेफ पंकज भदौरिया पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। शेफ पंकज भदौरिया ने हाल ही में लोगों को अपने ब्रेस्ट कैंसर की जानकारी दी थी। जैसे ही ये बात बाहर आई कि पंकज भदौरिया कैंसर से पीड़ित हैं लोग उन्हें लेकर घबरा गए। सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने उनका हालचाल लेने और हिम्मत देने की कोशिश की। ऐसे में अब पंकज ने उन सभी लोगों के लिए अस्पताल से एक इमोशनल वीडियो जारी किया है। 29 मई को ही पंकज की कैंसर की सर्जरी हुई है और अब उन्होंने अपनी हालत को लेकर फैंस को अपडेट दिया है।
सर्जरी के बाद कैसी है पंकज की हालत?
शेफ पंकज भदौरिया ने अब इंस्टाग्राम पर अस्पताल के बिस्तर से एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वो कहती हुए नजर आ रही हैं कि 'मैं सभी को पर्सनली थैंक्यू बोलना चाहती थी। आप लोगों ने मुझे इतना प्यार और सपोर्ट दिया है। सभी लोग मुझसे जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मैं सभी की शुक्रगुजार हूं कि आपकी दुआओं की वजह से मैं अब रिकवरी के रास्ते पर हूं। भगवान की कृपा से मेरी सर्जरी बहुत अच्छे से हो गई है।'
रिकवरी के रास्ते पर पंकज
पंकज ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि जितनी आप लोगों ने मेरे लिए प्रार्थनाएं की हैं, मैं उसके लिए शुक्रिया अदा करना चाहूंगी। मैं बहुत ही लकी थी कि एक अर्ली स्टेज पर मेरा कैंसर डिटेक्ट हो गया था और इसी वजह से मैं रिकवर कर रही हूं और मेरी सर्जरी इतने अच्छे से हो पाई है। ये इसलिए हो पाया कि मैंने एक एक रूटीन, प्रिवेंटिव हेल्थ केयर चेकअप करवाया था। तो मैं आप सबसे कहना चाहती हूं कि आप 40 के हैं या आपकी मां या बहन कोई हैं जो 40 पार हैं, तो प्लीज उनका ये टेस्ट जरूर करवाएं। छोटा सा टेस्ट होता है। सेल्फ एग्जामिनेशन होता है जो आपको यूट्यूब पर आसानी से देखने को मिल जाएगा।
पंकज ने महिलाओं से की खास अपील
पंकज ने अणि बात खत्म करते हुए कहा, 'मेरे डॉक्टरों ने बताया कि इंडिया में हर 20 में से 1 महिला को ब्रेस्ट कैंसर होता है। तो जैसे मैंने कहा कि मैं लकी थी, बहुत जल्दी पता चल गया, बहुत लोगों का पता नहीं चल पाता है। इसलिए प्लीज आप लोग अपना ख्याल रखें और जागरूक हो जाएं। पता नहीं हम सबको लगता है कि ये हमारे साथ नहीं होगा। हम सुनते हैं, लेकिन सीरियस नहीं लेते। कहीं ना कहीं हमे लगता है कि ये हमारे साथ नहीं हो सकता, लेकिन किसी को भी हो सकता है। इसलिए अपना ध्यान रखें।' इस दौरान पंकज की आवाज में दर्द साफ सुनाई दे रहा था और चेहरे पर तकलीफ भी नजर आ रही थी।