नेपाल में मची तबाही ने बिहार के लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है। नेपाल में रुककर हो रही बारिश और दो झील बनने से भी खतरा अभी टला नहीं है। इसी वजह से बिहार में कहीं न कहीं बाढ़ का खतरा बना हुआ है, जिसके चलते बिहार में कड़ी निगरानी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दोनों झीलों की स्थिति लगातार चिंता बढ़ा रही है। एक झील से पानी का रिसाव हो रहा है, जबकि दूसरी झील का जलस्तर और आकार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अचानक बाढ़ या भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। वहीं, नेपाल में रुक-रुककर हो रही बारिश राहत और बचाव कार्यों में भी बड़ी चुनौती बन रही है। खराब मौसम के चलते प्रभावित इलाकों तक पहुंचने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में दिक्कतें आ रही हैं।

सबसे ज्यादा नजर गंडक नदी पर 

बिहार की नदियों के जलस्तर में लगातर उतार-चढ़ाव जारी है। सबसे ज्यादा गंडक नदी में क्योंकि नेपाल से पानी के साथ मलबा भी बिहार की तरफ आ रहा है। पानी के खतरे को देखते हुए Water Resources Department ने राज्यों के तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी है। आपको बता दें, विभाग के मुख्यालय से गंडक नदी के डिस्चार्ज की जानकारी हर आधे घंटे में ली जा रही है। इंजीनियरों की टीमें चौबीसों घंटे मौके पर तैनात हैं। तटबंधों पर दबाव, कटाव या किसी भी तरह की कमजोरी नजर आते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सभी जिलों के डीएम और पुलिस-प्रशासन को भी पूरी तरह अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

खतरे के निशान से ऊपर है जल का स्तर 

आपको बता दें, बिहार की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना के गांधी घाट में गंगा खतरे के निशान से 68 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। हाथीदह में यह अंतर 71 सेंटीमीटर और कहलगांव में 82 सेंटीमीटर दर्ज किया गया है। दीघा घाट और मनेर में भी पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। गोपालगंज के डुमरिया घाट में गंडक 63 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। खगड़िया में बूढ़ी गंडक 58 सेंटीमीटर और कोसी बलतारा में 64 सेंटीमीटर ऊपर है। कटिहार के कुरसेला में कोसी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। अगर देखा जाए तो यह भी एक चिंता का विषय है। 

क्यों महत्वपूर्ण है गंडक नदी?

गंडक नदी बिहार की सबसे संवेदनशील नदियों में आती है। करीब 260 किलोमीटर लम्बी इस नदी पर 511 किलोमीटर से ज्यादा तटबंध हैं। गंडक नदी का जलस्तर थोड़ा भी बढ़ा तो पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को नेपाल के गंडक क्षेत्र और नॉर्थ कोयल में हल्की से सामान्य बारिश होने की संभावना है। बारिश को देखते हुए बिहार में अलर्ट जारी किया गया है।