'भाबीजी घर पर हैं' शो से जुड़ी कंट्रोवर्सी आज भी टीवी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी कंट्रोवर्सी में से एक है। अंगूरी भाभी का रोल निभाने वाली एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे को चलते शो से अचानक बाहर कर दिया गया था। इतना ही नहीं उन पर खुद शो छोड़ने का आरोप भी लगाया गया था। इसके बाद मामला इतना बढ़ा कि शिल्पा को बैन कर दिया गया और उन्होंने प्रोड्यूसर के खिलाफ संगीन आरोप लगाकर मामला दर्ज करवा दिया था। अब भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा ने कई राज खोले हैं। उन्होंने इस विवाद के बाद हैरेसमेंट का झूठा केस किया था और इस बात को सालों बाद खुद शिल्पा ने कबूल किया है।
शिल्पा ने साजिश का किया पर्दाफाश
शिल्पा शिंदे का ये बयान बेहद शॉकिंग है और उनके फैंस के होश उड़ाने के लिए काफी है। शिल्पा ने अब इमोशनल होते हुए पूरी कहानी सुनाई है। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने इस शो की नींव रखी थी और शो बिना किसी प्रमोशन के हिट हो गया था। इसके बाद मेकर्स उन पर एक कॉन्ट्रैक्ट साइन करने का दवाब बना रहे थे, जिसके मुताबिक वो शो नहीं छोड़ सकतीं और ना ही किसी और के साथ काम कर सकती थीं। हालांकि, शिल्पा ने इसे साइन करने से मना कर दिया जिसके बाद प्रोडक्शन हाउस के साथ उनके रिश्ते खराब हो गए।
शिल्पा शिंदे को मिला था धोखा
शिल्पा को बिठाकर धमकाया जाता था और शो से निकालने की धमकी दी जाती थी। इतना ही नहीं उन्हें ये भी कहा गया था कि वो उन्हें कहीं काम नहीं करने देंगे और घर बिठा देंगे। शिल्पा ने बताया कि 10 दिन की शूटिंग उनसे 2 दिन में कर वाली गई थी। शिल्पा ने कहा कि उन्हें उस दौरान छुट्टी भी नहीं मिलती थी और शेड्यूल टाइट रहता था, बावजूद इसके उन्हें एक दिन अचानक से कह दिया गया कि कल से मत आना। वो ये सुनकर हैरान रह गई थीं और तभी ये खबरें छप गईं कि 'भाभी जी घर पर नहीं हैं' और शिल्पा ने शो छोड़ दिया है। उनके खिलाफ मेकर्स ने दवाब बनाने के लिए ये साजिश रची थी। फिर भी शिल्पा डरी नहीं, लेकिन एक वक्त आया जब उन्हें लगा कि उन्हें आत्महत्या कर लेनी चाहिए।
प्रोड्यूसर पर झूठे सेक्शुअल हैरेसमेंट का ठोका दावा
शिल्पा के मुताबिक, उन्हें 12 से 20 करोड़ तक के नोटिस मिल रहे थे। इसके अलावा उनके वकील को भी खरीद लिया गया था। तब शिल्पा ने सेक्शुअल हैरेसमेंट का झूठा केस किया था। शिल्पा ने पहली बार कन्फेस किया कि उन्होंने प्रोड्यूसर पर झूठा आरोप लगाया था और इसके बाद सेट्लमेंट हुई और उन्हें 3 महीने बाद मिलने वाला पेमेंट क्लियर हुआ। दोनों पार्टियों के बीच समझौता हुआ कि कोई भी इस बारे में मीडिया में बात नहीं करेगा। शिल्पा ने बताया कि इसी वजह से उन्होंने उस शो में दोबारा काम किया और अब उनके साथ एक्ट्रेस के रिश्ते बहुत अच्छे हैं।