उर्फी जावेद ने सोहा अली खान के पॉडकास्ट में अब अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ पर खुलकर बात की है। उर्फी जावेद अब भले ही सोशल मीडिया पर बेहद पॉपुलर हो चुकी हैं, लेकिन एक वक्त पर उन्हें काफी स्ट्रगल करना पड़ा था। उर्फी को ये फेम और कामयाबी इतनी आसानी से नहीं मिली। इसके पीछे एक्ट्रेस की कड़ी मेहनत है। आज अपनी मेहनत और क्रिएटिविटी के दम पर ही उन्होंने पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है और कामयाबी हासिल की है। ऐसे में अब उर्फी ने अपनी कमाई को लेकर भी खुलासा किया है।
शुरुआत में दिए थे बॉलीवुड के ऑडिशन
उर्फी जावेद ने पॉडकास्ट में अपनी कहानी सुनाते हुए बताया कि वो अपने पिता के जुल्मों से बचने के लिए घर से भाग आई थीं। जब वो दिल्ली में रहती थीं तो उन्होंने कॉल सेंटर में भी काम किया था और ट्यूशन पढ़ाकर गुजारा किया था। हालांकि, उन्हें स्टार बनना था और उर्फी को यकीन था कि मुंबई में उन्हें सफलता मिल ही जाएगी। शुरू-शुरू में उर्फी ने कई फिल्मों के ऑडिशन देने की कोशिश की। वहीं उन्हें जल्द ही ये बात समझ आ गई थी कि बिना कॉन्टेक्ट्स के यहां उनकी बात नहीं बनेगी।
टीवी में हुआ खराब बर्ताव
इसके बाद उर्फी ने टीवी इंडस्ट्री की ओर रुख किया। यहां भी उन्हें बस सपोर्टिंग रोल्स के ही ऑफर मिले। इस बारे में बात करते हुए उर्फी ने खुलासा किया कि टीवी में उनका एक्सपीरियंस काफी खराब रहा है। दरअसल, उर्फी का कहना है कि अगर आप स्टार या मेन लीड नहीं हैं, तो टीवी इंडस्ट्री में कोई आपको इम्पोर्टेंस नहीं देता। सपोर्टिंग रोल वालों के साथ यहां अच्छा बर्ताव नहीं किया जाता। ऐसे में उर्फी को लगा कि वो और बेहतर चीजों के लिए बनी हैं।
40 हजार से बढ़कर कितनी हुई महीने की कमाई?
उर्फी ने ये भी रिवील किया कि उस वक्त उन्हें महीने के 40 हजार रुपये मिलते थे। इसके बाद एक्ट्रेस ने DIY कंटेंट बनाना शुरू किया क्योंकि उन्हें फैशन में काफी दिलचस्पी थी। इसके बाद 'बिग बॉस ओटीटी' आया और ये उर्फी की लाइफ का टर्निंग प्वाइंट बन गया। वहीं, अब उर्फी सोशल मीडिया पर ब्रांड कोलैबोरेशन से ही एक महीने के करीब 2 लाख रुपये कमा लेती हैं।