महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां ई-रिक्शा में करंट उतरने से एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैनहवा गांव का है। बताया जा रहा है कि महिला गांव के रास्ते से होकर भैंस चराने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़े ई-रिक्शा की चपेट में आने से हादसा हो गया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि रास्ते में ई-रिक्शा को चार्जिंग पर लगाया गया था। चार्जिंग वायर कटने के कारण ई-रिक्शा में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।