बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग के सिलसिले में उत्तराखंड के हरिद्वार में मौजूद हैं। इसी दौरान फिल्म के सेट पर एक विवाद खड़ा हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग के लिए बनाए गए एक सेट पर लगे 'कैफे एंड बार' के साइन बोर्ड को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ स्थानीय लोग सेट पर लगे साइन बोर्ड में 'बार' शब्द लिखे जाने से नाराज नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि हरिद्वार एक धार्मिक और पवित्र नगरी है, ऐसे में इस तरह का बोर्ड यहां की भावनाओं को आहत कर सकता है।
वीडियो में कुछ लोग फिल्म की टीम से बहस करते दिखाई देते हैं, जबकि सुरक्षा कर्मी और यूनिट के सदस्य माहौल को शांत करने की कोशिश करते नजर आते हैं।
वायरल वीडियो में अभिनेता इमरान हाशमी दिखाई नहीं दे रहे हैं। फिलहाल उन्होंने भी इस पूरे विवाद को लेकर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
हाल ही में उत्तराखंड से इमरान हाशमी के प्रशंसकों के साथ मुलाकात के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इससे यह माना जा रहा है कि अभिनेता किसी फिल्म की शूटिंग के लिए वहां पहुंचे हैं। हालांकि, जिस प्रोजेक्ट की शूटिंग चल रही है, उसके बारे में आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
इमरान हाशमी के पास फिलहाल दो बड़े प्रोजेक्ट हैं। इनमें एक हिंदी फिल्म 'आवारापन 2' और दूसरी तेलुगु फिल्म 'G2' शामिल है। कुछ समय पहले 'आवारापन 2' के निर्माताओं ने फिल्म की शूटिंग पूरी होने की घोषणा की थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि हरिद्वार में इमरान हाशमी अपनी आगामी फिल्म 'G2' की शूटिंग कर रहे हैं।
इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। यह वर्ष 2007 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल है। पहली फिल्म में भी इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में नजर आए थे और दर्शकों ने उनके किरदार को काफी पसंद किया था।