मशहूर कॉमेडियन Pranit More इन दिनों एक विवाद को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। उनके एक शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला काफी बढ़ गया है। वीडियो में एक दर्शक ने 370 रुपये की बिरयानी से जुड़ा आपत्तिजनक अनुभव साझा किया था, जिस पर कथित तौर पर मंच पर मौजूद लोगों ने हंसी-मजाक में प्रतिक्रिया दी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और कई टीवी व डिजिटल सितारे भी इस पर अपनी नाराजगी जता चुके हैं।
अब इस विवाद पर स्टैंड-अप कॉमेडियन Munawar Faruqui ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार कई पोस्ट शेयर करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से प्रणित मोरे पर निशाना साधा। अपने एक पोस्ट में मुनव्वर ने लिखा कि उन्होंने इंटरनेट पर सबसे महंगी बिरयानी सर्च की और जवाब में प्रणित मोरे का नाम सामने आ गया। इसके अलावा उन्होंने कॉमेडियंस के कंटेंट और लेखन को लेकर भी तंज कसा।
मुनव्वर फारूकी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि कुछ कॉमेडियंस अपने जोक्स खुद नहीं लिखते और पूरी तरह ऑडियंस पर निर्भर रहते हैं। वहीं एक अन्य टिप्पणी में उन्होंने विवादित घटना को लेकर कहा कि इसका बचाव करना मुश्किल होगा।आखिर में उन्होंने सख्त लहजे में लिखा कि ऐसे कार्यक्रमों को कॉमेडी शो कहना बंद कर देना चाहिए।
हालांकि, विवाद बढ़ने के कुछ समय बाद मुनव्वर फारूकी ने अपने सभी पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दिए। ट्वीट डिलीट किए जाने के बावजूद उनके स्क्रीनशॉट और चर्चाएं इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रणित मोरे सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारी ट्रोलिंग के बाद उन्होंने अपना सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट कर दिया है।
विवाद बढ़ने के बीच राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी मामले का संज्ञान लिया है। आयोग ने प्रणित मोरे को समन जारी कर 22 जून को पेश होने के लिए कहा है। साथ ही मामले में तय समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अब सभी की नजरें आगामी सुनवाई और आयोग की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।