बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश के जरिए उन्होंने संजय को याद करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
शुक्रवार को करिश्मा कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “संजय, आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।” करिश्मा का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बता दें कि बिजनेसमैन संजय कपूर का 12 जून 2025 को 53 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर ने परिवार और करीबी लोगों को गहरा सदमा दिया था। संजय कपूर और करिश्मा कपूर की शादी साल 2003 में हुई थी। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे, समायरा और कियान हैं। हालांकि, शादी के करीब 13 साल बाद साल 2016 में दोनों का तलाक हो गया था।
तलाक के बाद संजय कपूर ने साल 2017 में मॉडल प्रिया सचदेव से तीसरी शादी कर ली थी। वहीं, करिश्मा कपूर ने दोबारा शादी नहीं की और अपने दोनों बच्चों की परवरिश पर पूरा ध्यान केंद्रित किया। भले ही दोनों के रिश्ते का अंत हो गया था, लेकिन बच्चों के कारण परिवार के बीच जुड़ाव बना रहा।
हाल ही में संजय कपूर की मां रानी कपूर ने एक इंटरव्यू में करिश्मा कपूर और उनके बच्चों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि आज भी करिश्मा उनके संपर्क में रहती हैं और दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध बने हुए हैं। रानी कपूर ने कहा, "करिश्मा मुझसे अक्सर संपर्क में रहती है। वह बच्चों के साथ आती हैं, हम साथ में खाना खाते हैं और समय बिताते हैं। मैं हमेशा से करिश्मा और उनके बच्चों को बहुत पसंद करती रही हूं।"
संजय कपूर के निधन के बाद उनके परिवार में कथित तौर पर 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर विरासत और अधिकार की लड़ाई भी चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया सचदेव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि बेटे की मौत के तुरंत बाद उनसे कुछ दस्तावेजों पर दबाव बनाकर हस्ताक्षर करवाए गए थे। हालांकि, इस मामले को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो करिश्मा कपूर लंबे समय बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर वापसी कर चुकी हैं। उनकी क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज 'ब्राउन' 5 जून को जी5 पर रिलीज हुई है। इस सीरीज में करिश्मा ने 'रीटा ब्राउन' नाम की एक एंग्लो-इंडियन पुलिस डिटेक्टिव का किरदार निभाया है, जो अपने अतीत के ट्रॉमा, शराब की लत और पेशेवर चुनौतियों से जूझती नजर आती है। सात एपिसोड वाली इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज का निर्देशन अभिनय देव ने किया है। यह अमित बरुआ के उपन्यास 'सिटी ऑफ डेथ' पर आधारित है। सीरीज में सूर्या शर्मा, सोनी राजदान, जिशू सेनगुप्ता और अजिंक्य देव भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।