उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में लखनऊ-नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार पुलिया से जा टकराई, जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रेफर किया गया है।
यह हादसा बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी चौराहे के पास लखनऊ-नेशनल हाईवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बछरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.