उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां खेत में धान की फसल देखने गए एक किसान के 15 वर्षीय बेटे को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल किशोर का इलाज जारी है।
यह घटना थाना भमोरा क्षेत्र के गांव बगरापुर की है। जानकारी के मुताबिक, 15 वर्षीय रवि पुत्र राजेश्वर अपने नाना के घर रह रहा था। रवि मूल रूप से बदायूं जिले के थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव बीरमपुर का रहने वाला है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह रवि खेत में धान की फसल में पानी की स्थिति देखने गया था। इसी दौरान अचानक उसके पैर में सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद परिजन तुरंत रवि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भमोरा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।फिलहाल रवि का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।