बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर दौरे के दौरान शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। गौराडीह प्रखंड के काशील खरबा गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने भागलपुर से ही वर्चुअल माध्यम के जरिए राज्य के 211 नए राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र शुरू होने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक प्रखंडों तक उच्च शिक्षा की सुविधा पहुंचाना है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष राज्य में नए उद्योगों की स्थापना की दिशा में काम शुरू किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके अनुसार, अब तक करीब 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सरकारी सहायता राशि भेजी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 25 जुलाई को उन सभी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में भी सहायता राशि भेजी जाएगी, जो अब तक इस योजना के लाभ से वंचित रह गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री के दौरे और घोषणाओं से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।