सहरसा जिले के सत्तर कटैया प्रखंड में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। पांच दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीणों की मांग पर कोई निर्णय नहीं होने से नाराज पूर्व मुखिया संजीव राय और अधिवक्ता अरुण यादव मोबाइल टावर पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बिहार सरकार ने विभिन्न प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की है। सत्तर कटैया प्रखंड के लिए डिग्री कॉलेज पटोरी बाजार में प्रस्तावित है, लेकिन स्थानीय लोगों की मांग है कि कॉलेज मेनहा में स्थापित किया जाए, ताकि आसपास के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि वे पिछले पांच दिनों से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन या सरकार की ओर से उनकी मांग पर कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी के विरोध में दोनों प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को सुरक्षित नीचे उतारने और उनकी मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सरकार डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर उनकी मांग पर स्पष्ट निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।