सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर सहारनपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंद ने पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्गों और संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिले के प्रमुख कांवड़ मार्गों का जायजा लिया। इसमें काली नदी, बड़कला, गागलहेड़ी, घंटाघर, नकुड़ तिराहा, सरसावा, राष्ट्रीय राजमार्ग और हरियाणा बॉर्डर स्थित शाहजहांपुर चौकी समेत कई महत्वपूर्ण स्थान शामिल रहे।
डीआईजी और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पुलिस पिकेट और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की।इसके अलावा अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी।