देश के सबसे बड़े वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन भारत टेक्स 2026 का शुभारंभ नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में हुआ। 17 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस चार दिवसीय आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस अवसर पर वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, वस्त्र सचिव नीलम शामी राव, बिहार उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस वर्ष बिहार आयोजन में पार्टनर स्टेट के रूप में भाग ले रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-11A में स्थापित बिहार पवेलियन का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से किया। पवेलियन में बिहार की पारंपरिक वस्त्र कला और आधुनिक टेक्सटाइल उद्योग की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया है।
भारत टेक्स 2026 के नॉलेज सेशन के दौरान बिहार सरकार ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र की 16 अग्रणी कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों के तहत ₹1,476 करोड़ के प्रस्तावित निवेश और 40,500 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इसे बिहार के टेक्सटाइल उद्योग के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार तेजी से देश के उभरते हुए टेक्सटाइल हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्लग एंड प्ले जैसी आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं विकसित की हैं, जिससे निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य आज टेक्सटाइल एवं परिधान निर्माण के क्षेत्र में देश के सबसे संभावनाशील राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि निवेश-अनुकूल नीतियां, आधुनिक औद्योगिक ढांचा और पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने की सरकारी प्रतिबद्धता निवेशकों और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा कर रही है।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार पवेलियन राज्य की समृद्ध शिल्प परंपरा और आधुनिक औद्योगिक विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत टेक्स 2026 में भागीदारी से बिहार के उद्योगों को नए बाजार मिलेंगे और वैश्विक स्तर पर व्यापारिक साझेदारियां मजबूत होंगी।
बिहार पवेलियन में SAVI Global, ग्रामीण खादी ग्रामोद्योग विकास संघ, गोपालन सिल्क, ईको तसर सिल्क, HSCVPL, न्यू ज़ील फैशन वियर, अर्थोमेडिक फाउंडेशन, कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स, निफ्ट पटना और मॉडलामा ग्रुप सहित कई प्रमुख संस्थान अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा प्रसिद्ध कलाकार कुमारी नलिनी शाह द्वारा मधुबनी पेंटिंग और अरुंधती महतो द्वारा टिकुली कला का लाइव प्रदर्शन भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
17 जुलाई 2026 तक चलने वाले भारत टेक्स 2026 में बिहार पवेलियन राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, औद्योगिक क्षमताओं, निवेश की संभावनाओं और "बिहार है तैयार" की थीम को देश-विदेश के निवेशकों, खरीदारों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत कर रहा है।