भागलपुर जिले के गौराडीह प्रखंड स्थित काशील गांव में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री यहां नवनिर्मित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर से ही राज्यभर के 211 नवनिर्मित डिग्री कॉलेजों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इसे बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य छात्रों को उनके क्षेत्र के नजदीक ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 6 पिंक बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन बसों का संचालन महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। सरकार इसे महिला सुरक्षा और बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में अहम पहल मान रही है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि डिग्री कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को गति मिलेगी।