370 रुपये की बिरयानी को लेकर कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में शुरू हुआ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस थमने का नाम नहीं ले रही है। अब इस विवाद में टीवी अभिनेत्री रश्मि देसाई भी कूद पड़ी हैं और उन्होंने प्रणित मोरे पर तीखा हमला बोला है।
रश्मि देसाई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कंटेंट क्रिएटर का वीडियो री-शेयर किया, जिसमें प्रणित मोरे और हिमांशु की आलोचना की गई थी। वीडियो साझा करते हुए रश्मि ने लिखा कि यह कॉमेडी नहीं बल्कि सिर्फ बातचीत है, जिसमें किसी तरह का कंटेंट या क्रिएटिविटी नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि जब लोगों के पास अच्छा कंटेंट नहीं होता, तो वे इसी तरह की बातें करने लगते हैं।
रश्मि देसाई ने आगे लिखा कि प्रणित मोरे न तो कलाकार हैं और न ही कॉमेडियन। उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाओं की वजह से पूरी कॉमेडी इंडस्ट्री को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है और असली कलाकारों की छवि खराब होती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस युवक की वजह से यह विवाद शुरू हुआ, उसकी नौकरी चली गई और ऐसे में प्रणित मोरे के शो भी बंद कर दिए जाने चाहिए। अपने पोस्ट में उन्होंने #ShameOnPranit हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।
दरअसल, गुरुग्राम में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान प्रणित मोरे क्राउड वर्क कर रहे थे। इसी दौरान हिमांशु नाम के एक युवक ने अपनी पहली डेट से जुड़ा एक अनुभव साझा किया। बातचीत के दौरान उसने कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्तिजनक और महिलाओं के प्रति असम्मानजनक बताया।
हिमांशु ने शो में बताया था कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था और उसने लड़की के लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी ऑर्डर की थी। खाने के बाद जब लड़की ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा, तो हिमांशु ने कथित तौर पर कहा कि "370 रुपये की बिरयानी खिलाई है, पैसा तो वसूलूंगा ही।" इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों ने उसकी जमकर आलोचना की।
वीडियो वायरल होने के बाद हिमांशु ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। हालांकि, विवाद इतना बढ़ गया कि उनकी कंपनी ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौकरी समाप्त कर दी। दूसरी ओर, प्रणित मोरे ने भी वीडियो को लेकर माफी जारी की, लेकिन आलोचनाएं लगातार जारी रहीं।
लगातार बढ़ती आलोचनाओं और सोशल मीडिया पर हो रहे विरोध के बीच प्रणित मोरे ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया है। हालांकि, विवाद अभी भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और कई सेलेब्स इस मामले पर अपनी राय रख रहे हैं।