स्टैंडअप कॉमेडियन Pranit More के शो में सामने आई '370 रुपये की बिरयानी' वाली विवादित क्लिप को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना हो रही है। इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी संबंधित लोगों को समन जारी किया है। अब इस पूरे विवाद पर कॉमेडियन और अभिनेत्री Mallika Dua ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मल्लिका दुआ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर करते हुए वायरल क्लिप में नजर आने वाले व्यक्ति और शो के दौरान मौजूद लोगों पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि जिस व्यक्ति ने आपत्तिजनक टिप्पणी की, उसके खिलाफ लोगों का आक्रोश उसकी नौकरी जाने की वजह नहीं है, बल्कि उसके व्यवहार और कार्यशैली को भी जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
मल्लिका ने उस लड़की पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसने शो के दौरान खुद को डॉक्टर बताया था और कथित तौर पर मृत लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यवहार से पेशे की गरिमा प्रभावित होती है और इस तरह की टिप्पणियां किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के लिए उचित नहीं हैं।
प्रणीत मोरे को लेकर मल्लिका दुआ ने कहा कि सिर्फ दर्शकों के साथ बातचीत (क्राउड वर्क) को कॉमेडी नहीं कहा जा सकता। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि कई लोग इसे मनोरंजन का आसान तरीका बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे वास्तविक और मेहनत से तैयार की गई कॉमेडी पीछे छूट जाती है।
विवाद बढ़ने के बाद प्रणीत मोरे ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने माना कि शो के दौरान उनकी प्रतिक्रिया बेहतर हो सकती थी और उन्हें उस टिप्पणी पर हंसकर आगे बढ़ने के बजाय उसे चुनौती देनी चाहिए थी।कॉमेडियन ने कहा कि वायरल वीडियो में दर्शक द्वारा कही गई बातें उनकी व्यक्तिगत सोच का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं और वह इस मामले में हुई अपनी गलती को स्वीकार करते हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक क्लिप में शो के दौरान एक दर्शक महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करता दिखाई दिया था। आरोप है कि उस वक्त प्रणीत मोरे ने उस टिप्पणी का विरोध करने के बजाय हंसकर प्रतिक्रिया दी।यही वजह रही कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने इसे संवेदनशील मुद्दा बताते हुए नाराजगी जाहिर की। विवाद बढ़ने के बाद मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया और अब इसकी जांच जारी है।