एंटरटेनमेंट
हेमा मालिनी: धर्मेंद्र के निधन पर भावुक सन्देश, बोलीं – उनका जाना मेरे लिए एक बड़ा आघात है
हेमा मालिनी: प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को निधन हो गया। 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के जुहू में अपने घर में अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस दोनों की भावनाएं आहत हैं। अस्पताल में भर्ती होने और घर के बाहर एंबुलेंस के दृश्य के कारण फैंस में चिंता की लहर थी। हालांकि, धर्मेंद्र के निधन के तीन दिन बाद, उनकी पत्नी और बॉलीवुड की ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक दिल को छू लेने वाला पोस्ट साझा किया जिसमें उन्होंने धर्मेंद्र के साथ बिताए हुए खास वक्त की तस्वीरें भी शेयर की।
मेरे लिए वह सब कुछ थे…
हेमा मालिनी ने भावुक होते हुए लिखा कि धरम जी, मेरे लिए वह सब कुछ थे। एक प्यारे पति, हमारी बेटियों ईशा और अहाना के लाड़ले पिता, मेरे मित्र, मार्गदर्शक और हर कठिनाई में मेरे सबसे करीबी साथी। वे अच्छे और बुरे समय में हमेशा मेरे साथ रहे। उनका सरल और मिलनसार स्वभाव हमारे पूरे परिवार को बहुत भाता था। सिनेमा की दुनिया में उनकी प्रतिभा और सभी के लिए अपनापन उन्हें खास बनाते थे। उनके काम और पहचान को हम हमेशा याद रखेंगे। उनका जाना मेरे लिए एक बड़ा नुकसान है और यह सुनापन हमेशा महसूस होगा। वर्षों साथ बिताने के बाद, मेरे पास उनके साथ बिताए अनेक खास पल और यादें हैं, जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी।
मुंबई में प्रेयर मीट का आयोजन
धर्मेंद्र को इस महीने की शुरुआत में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। इस दौरान उनके बेटे सनी और बॉबी देओल, बेटी एशा देओल और हेमा मालिनी अक्सर अस्पताल जाते रहे। लेकिन अब उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके सम्मान में परिवार ने 27 नवंबर को मुंबई के ताज लैंड्स एंड में ‘प्रेयर मीट’ आयोजित किया है, जिसका नाम ‘Celebration of Life’ रखा गया है। इस प्रेयर मीट में उनके करीबी दोस्त, परिवार और फिल्म इंडस्ट्री के अन्य लोग शामिल होंगे।