एंटरटेनमेंट
मिमी चक्रवर्ती के साथ लाइव शो में हुई बदसलूकी, आयोजक पर लगे आरोप; FIR दर्ज
मशहूर बंगाली अभिनेत्री और पूर्व टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक लाइव इवेंट के दौरान उनके साथ हुई कथित बदसलूकी है। आरोप है कि सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्हें उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, जिसके बाद इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। इससे पहले हाल ही में अभिनेत्री मौनी रॉय के साथ भी हरियाणा में एक स्टेज इवेंट के दौरान बदतमीजी का मामला सामने आया था, जिसके बाद वह कार्यक्रम बीच में छोड़कर चली गई थीं।
कार्यक्रम के दौरान एक्ट्रेस के साथ हुई बदसलूकी
मिमी चक्रवर्ती से जुड़े इस मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से भी जानकारी साझा की गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मिमी ने उत्तर 24 परगना जिले के बोंगांव में आयोजित एक स्टेज कार्यक्रम के दौरान उनके साथ बदसलूकी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार को बोंगांव शहर के नयाग्राम इलाके में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई। मिमी की शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम के बीच ही आयोजकों में शामिल तन्मय शास्त्री अचानक स्टेज पर चढ़ आए और जबरन कार्यक्रम रुकवा दिया। आरोप है कि आधी रात को उनसे माइक्रोफोन छीन लिया गया और स्टेज छोड़ने के लिए कहा गया, जिससे उन्हें गहरा अपमान महसूस हुआ।
क्यों रोका गया कार्यक्रम?
मिमी चक्रवर्ती ने इस पूरे मामले को लेकर ई-मेल के जरिए बोंगांव पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस घटना की जानकारी साझा की, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। वहीं, कार्यक्रम के आयोजक ‘युवक संघ क्लब’ ने मिमी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। आयोजकों का दावा है कि अभिनेत्री कार्यक्रम में तय समय से करीब एक घंटे की देरी से पहुंची थीं। तन्मय शास्त्री ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कार्यक्रम की अनुमति केवल रात 12 बजे तक की ही थी और आसपास छात्रों की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को रोकना जरूरी था।
क्या है मामला?
इतना ही नहीं, आयोजक की ओर से मिमी चक्रवर्ती के बाउंसर्स पर भी आरोप लगाए गए हैं। तन्मय का कहना है कि जब रात 11:45 बजे कार्यक्रम शुरू हुआ, तब क्लब की महिला सदस्य मिमी का स्वागत करने स्टेज पर गई थीं, लेकिन उनके बॉडीगार्ड्स ने उन्हें जबरन हटा दिया। आयोजकों के मुताबिक, पुलिस की अनुमति के चलते 12 बजे के बाद कार्यक्रम जारी रखना संभव नहीं था।
मिमी चक्रवर्ती ने शेयर किया पोस्ट
इस बीच मिमी चक्रवर्ती ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी शेयर की है, जिसमें बोंगांव की ओर से माफी मांगे जाने की बात कही गई है। हालांकि पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि माफी किसकी ओर से है, लेकिन संदेश में लिखा गया— “मैं बोंगांव की ओर से मिमी चक्रवर्ती से माफी मांगता हूं। हम इतनी बेहतरीन अभिनेत्री को वह सम्मान नहीं दे पाए, जिसकी वह हकदार थीं। पूरी रात कार्यक्रम चलने के बाद आधी रात 12 बजे जो स्थिति बनी, जब उनसे माइक्रोफोन लिया गया और स्टेज छोड़ने को कहा गया, वह हम दोनों के लिए अपमानजनक रही।”