विदेश

अफगानिस्तान का पाकिस्तान पर बड़ा हमला, मिलिट्री सेंटर को बनाया निशाना

Published

on

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच एशिया में भी हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देशों के बीच ड्रोन और हवाई हमलों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर एक और बड़े हमले का दावा किया है।

पाकिस्तान के मिलिट्री सेंटर पर हमले का दावा

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि अफगान वायुसेना ने इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके में स्थित ‘हमजा’ नाम के एक रणनीतिक सैन्य केंद्र को निशाना बनाया है। मंत्रालय के मुताबिक, यह हमला ड्रोन विमान के जरिए किया गया, जिसमें मिलिट्री सेंटर के भीतर मौजूद कई अहम ठिकानों को टारगेट किया गया। अफगानिस्तान का दावा है कि इस हमले में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हुआ है।

कमांड सेंटर और सैन्य ढांचे तबाह होने का दावा

अफगान रक्षा मंत्रालय ने एक और पोस्ट में कहा कि हमले में उस सैन्य परिसर के कई महत्वपूर्ण ढांचे नष्ट हो गए। इनमें कमांड सेंटर, सैन्य डिपो और सैनिकों के रहने के क्वार्टर भी शामिल हैं। दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवादित डुरंड लाइन को लेकर तनाव बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों में सीमा क्षेत्र में कई बार हवाई और मोर्टार हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पाकिस्तान ने भी किए थे हवाई हमले

इससे पहले पाकिस्तान ने काबुल, पक्तिया और कंधार के कुछ इलाकों में हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान का दावा था कि इन हमलों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान ने इस सैन्य कार्रवाई को ‘गजब लिल हक’ नाम दिया था। हालांकि अफगानिस्तान का कहना है कि ये हमले काबुल के रिहायशी इलाकों में किए गए, जिनमें आम नागरिक प्रभावित हुए।

नागरिकों को भी हुआ नुकसान

अफगानिस्तान के अनुसार इन हमलों में 4 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हुए। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने भी कहा कि काबुल के पुल-ए-चरखी इलाके में हुए हमलों से नागरिकों को जान-माल का नुकसान पहुंचा है। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है और दोनों देशों के बीच हालात और अधिक गंभीर होते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version