देश
Air India Flight Cancel: खाड़ी देशों और यूरोप रूट पर 50+ उड़ानें प्रभावित
मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के बाद हवाई यातायात पर बड़ा असर पड़ा है। कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इसी बीच Air India ने 2 मार्च रात 11:59 बजे तक खाड़ी और इजरायल रूट की सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है।
मिडिल ईस्ट तनाव का असर, सुरक्षा सर्वोपरि
रिपोर्ट्स के मुताबिक हालिया मिसाइल हमलों और बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण पूरे मिडिल ईस्ट का हवाई क्षेत्र असुरक्षित माना जा रहा है। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयर इंडिया ने यह एहतियाती कदम उठाया है। एयरलाइन का कहना है कि स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और हालात सामान्य होने पर सेवाएं बहाल करने पर विचार किया जाएगा।
किन देशों और शहरों की उड़ानें प्रभावित?
एयर इंडिया के अनुसार जिन प्रमुख गंतव्यों पर उड़ानें निलंबित की गई हैं, उनमें शामिल हैं:
-संयुक्त अरब अमीरात: दुबई, अबू धाबी
-सऊदी अरब: रियाद, जेद्दा, दम्माम
-कतर: Doha
-इजरायल: Tel Aviv
खाड़ी देशों के अलावा यूरोप जाने वाली कुछ उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है। वैकल्पिक मार्गों से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित की जा रही हैं, लेकिन इससे यात्रा समय में 2 से 4 घंटे तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
यूरोप रूट पर भी रद्द हुई उड़ानें
2 मार्च को यूरोप के कई शहरों के लिए 6 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें शामिल हैं:
-अमृतसर–बर्मिंघम (AI 117)
-बर्मिंघम–दिल्ली (AI 114)
-दिल्ली–ज्यूरिख (AI 151 और AI 152)
-दिल्ली–कोपेनहेगन (AI 157 और AI 158)
इससे पहले रविवार को एयरलाइन 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर चुकी है।
यात्रियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
एयर इंडिया ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।
-एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखें
-24×7 कस्टमर केयर से संपर्क करें
-रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए मैसेज चेक करें
प्रभावित यात्रियों को री-बुकिंग, वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था और जहां संभव हो रिफंड की सुविधा दी जा रही है। यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या टिकट रद्द कर पूरा पैसा वापस ले सकते हैं। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और जरूरी अपडेट समय-समय पर जारी किए जाते रहेंगे।