एंटरटेनमेंट
OTT या थिएटर्स कहां दस्तक देगी आलिया भट्ट की फिल्म ‘Alpha’? YRF ने किया खुलासा
फिल्म ‘अल्फा’ में Alia Bhatt, Sharvari Wagh, Bobby Deol और Anil Kapoor अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। हाल ही में चर्चा थी कि इस स्पाई-थ्रिलर फिल्म को सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है। कयास लगाए जा रहे थे कि चूंकि ‘धुरंधर’ भी इसी जॉनर की फिल्म है, इसलिए मेकर्स थिएट्रिकल रिस्क नहीं लेना चाहते।
मेकर्स ने अफवाहों पर लगाई रोक
अब Yash Raj Films ने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोडक्शन हाउस ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि ‘अल्फा’ को सीधे ओटीटी पर रिलीज करने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। बयान में कहा गया कि यह अफवाह एक महिला-प्रधान फिल्म को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश है। यशराज फिल्म्स ने दोहराया कि उनकी थिएट्रिकल फिल्मों को सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे दर्शकों को सिनेमाघरों में बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देने पर गर्व करते हैं और ‘अल्फा’ उनके लिए एक टेंटपोल प्रोजेक्ट है।
215 करोड़ की डील की खबरें भी खारिज
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि यशराज फिल्म्स ने Netflix के साथ करीब 215 करोड़ रुपये की डील पर बातचीत की थी, ताकि फिल्म को सीधे डिजिटल रिलीज किया जा सके। हालांकि, मेकर्स ने इन खबरों को सिरे से नकारते हुए साफ कर दिया कि फिल्म पहले सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी।
कब रिलीज होगी ‘अल्फा’?
फिल्म को पहले दिसंबर 2025 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट बढ़ाकर 17 अप्रैल 2026 कर दी गई। बताया गया कि विजुअल इफेक्ट्स के बाकी काम को पूरा करने के लिए यह फैसला लिया गया। इस फिल्म का निर्देशन शिव रवैल कर रहे हैं। ‘अल्फा’ की पहली झलक दर्शकों को War 2 के पोस्ट-क्रेडिट सीन में देखने को मिली थी, जहां बॉबी देओल का कैमियो नजर आया था। अब फैंस बेसब्री से इसकी थिएट्रिकल रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।