एंटरटेनमेंट
‘तुम्हारे लिए बेहद खुश हूं…’, आलिया भट्ट ने ‘बॉर्डर 2’ की टीम को दी बधाई; शेयर किया स्पेशल पोस्ट
आलिया भट्ट इन दिनों फिल्मों को लेकर अपने रिव्यू और सपोर्ट पोस्ट्स की वजह से चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने कन्नड़ सुपरस्टार यश की अपकमिंग एक्शन फिल्म Toxic की तारीफ की थी। वहीं अब आलिया ने सनी देओल की फिल्म Border 2 को लेकर एक खास पोस्ट शेयर की है, जो उनके सबसे अच्छे दोस्त वरुण धवन के सपोर्ट में मानी जा रही है। आलिया भट्ट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘बॉर्डर 2’ का एक सीन शेयर करते हुए फिल्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि यह एक बेहद खूबसूरत फिल्म है और इसके निर्देशन व प्रस्तुति की भी सराहना की। आलिया ने फिल्म के निर्देशक अनुराग सिंह और पूरी टीम के शानदार काम की प्रशंसा की।
आलिया ने ‘बॉर्डर 2’ को लेकर क्या कहा?
खास तौर पर आलिया ने वरुण धवन की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए लिखा, “हर फ्रेम में तुमने अपना दिल और जान लगा दी है। मेरे प्यारे दोस्त ने कमाल कर दिया। साल की बहुत शानदार शुरुआत। पूरी टीम को ढेर सारी बधाई।” बता दें कि फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और मंगलवार को पांच दिनों में ही फिल्म ने कुल 183.36 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जो लगातार बढ़ता जा रहा है।
आलिया ने वरुण धवन की जमकर की तारीफ
इस फिल्म में वरुण धवन ने भारतीय सेना के बहादुर अधिकारी मेजर होशियार सिंह दहिया का किरदार निभाया है। फिल्म में उनके अलावा सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी और मेधा राणा भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ‘बॉर्डर 2’, साल 1997 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म Border की अगली कड़ी है, जो युद्ध और देशभक्ति की भावना पर आधारित है।
सालों पुरानी है आलिया-वरुण की दोस्ती
गौरतलब है कि आलिया भट्ट और वरुण धवन की दोस्ती और ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री काफी पुरानी है। दोनों ने करीब 14 साल पहले करण जौहर की फिल्म Student of the Year से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद दोनों Humpty Sharma Ki Dulhania, Badrinath Ki Dulhania और Kalank जैसी फिल्मों में भी साथ नजर आए।