एंटरटेनमेंट
‘ठोक दिया दुश्मन को…’, अमिताभ बच्चन ने Under 19 Cricket World Cup जीतने पर मनाया जश्न
भारत की अंडर-19 पुरुष क्रिकेट टीम ने एक बार फिर देश का नाम रोशन करते हुए इंग्लैंड को हराकर अंडर-19 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 100 रनों से मात दी। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने यह खिताब जीतकर इतिहास रच दिया और छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन बना।
बिग बी ने किया ट्वीट
इस ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश में खुशी का माहौल है। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी टीम इंडिया की इस शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है। बिग बी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “अंडर-19 क्रिकेट इंडिया विश्व चैंपियन। दुश्मन को ठोक दिया। ब्लाइंड, महिला, पुरुष क्रिकेट—सभी विश्व चैंपियन। हम नंबर 1 हैं, शीर्ष पर हैं, विश्व में प्रथम हैं। हम तीसरे दर्जे के नहीं हैं, हम विश्व में प्रथम हैं। भारत माता की जय।” इसके साथ उन्होंने तिरंगे के इमोजी भी लगाए।
बॉलीवुड में जश्न का माहौल
अमिताभ बच्चन के अलावा बॉलीवुड के कई सितारों ने भी युवा खिलाड़ियों की इस कामयाबी की सराहना की। आयुष्मान खुराना ने जीत के पल का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए “World Champion” लिखा। वहीं अनिल कपूर ने ट्रॉफी उठाते हुए टीम इंडिया की तस्वीर साझा कर खिलाड़ियों को बधाई दी। जिम्बॉब्वे के हरारे में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लिश टीम दबाव में आ गई और 40.2 ओवर में 311 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत का छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब
भारत की इस जीत के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने फाइनल में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन की तूफानी पारी खेली और मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। इंग्लैंड की ओर से कैलब फाल्कनर ने 67 गेंदों में 115 रन की शतकीय पारी जरूर खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। यह भारत का रिकॉर्ड छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब है। इससे पहले टीम इंडिया 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह ट्रॉफी जीत चुकी है। एक बार फिर युवा खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और बेहद उज्ज्वल हाथों में है।