एंटरटेनमेंट
‘सड़क पर बिताई रात, गैस स्टेशनों में किया काम…’ AP Dhillon को कामयाबी की सीढ़ी चढ़ने से पहले खूब बेलने पड़े पापड़
सिंगर-रैपर AP ढिल्लों म्यूजिक इंडस्ट्री के जाना-माना नाम हैं और उनके गाने हमेशा चार्टबस्टर रहते हैं। इस हफ्ते वे ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में गेस्ट के तौर पर पहुंचे और अपने शुरुआती दिनों की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि सफलता पाने तक उनकी जिंदगी कितनी मुश्किलों से भरी रही थी।
कनाडा में पहली रात सड़क पर बितानी पड़ी
कपिल शर्मा ने AP ढिल्लों से उनके स्ट्रगल के दिनों के बारे में पूछा। सिंगर ने याद करते हुए कहा, “मेरे लिए सबसे मुश्किल समय वह था, जब मैं पहली बार कनाडा गया। मेरे पास रहने के लिए कोई जगह नहीं थी। मेरे पिता ने मुझे थोड़े पैसे दिए थे, लेकिन मैं किसी अमीर परिवार से नहीं हूँ। उस समय मेरे पास क्रेडिट कार्ड भी नहीं था।” उन्होंने आगे बताया कि एक होटल में रूम लेने गए थे, लेकिन क्रेडिट कार्ड न होने की वजह से होटल ने मना कर दिया। इसके बाद उन्हें होटल के सामने ही रात बितानी पड़ी।
भारतीय लड़की और उसका बॉयफ्रेंड बने मददगार
दूसरी रात जब वह सड़क पर सो रहे थे, तब एक भारतीय लड़की उनके पास आई और मदद करने की कोशिश की। उसने अपने बॉयफ्रेंड से AP ढिल्लों के लिए क्रेडिट कार्ड देने को कहा। बॉयफ्रेंड ने AP को भरोसा दिलाया और उनकी मदद की। इसी तरह उन्हें वहां रूम मिल सका और धीरे-धीरे उनके हालात सुधरने लगे।
कॉलेज और नौकरियों के साथ संघर्ष
AP ढिल्लों ने बताया कि कॉलेज के दौरान उन्होंने कई छोटी-छोटी नौकरियां कीं। गैस स्टेशनों और दुकानों पर काम करने के बाद उनकी आखिरी नौकरी ‘बेस्ट बाय’ में थी। वह रोज़ 10-12 घंटे काम करते और उसके बाद कॉलेज जाते थे। उन्होंने कहा, “मैं अपना किराया, खाना और बाकी सब कुछ खुद संभालता था। मैंने कभी हार नहीं मानी।”
म्यूजिक में मेहनत और सफलता
AP ढिल्लों ने अपने किराए के घर में एक छोटे गैरेज में 10×6 का कमरा बनाया, प्लाईवुड और दरवाजे लगाकर म्यूजिक इक्विपमेंट खरीदी और संगीत सीखना शुरू किया। उनके लगातार प्रयास और मेहनत ने उन्हें आज इंडस्ट्री के सबसे टैलेंटेड और सक्सेसफुल सिंगर्स में शामिल कर दिया। आज AP ढिल्लों के नाम ‘ब्राउन मुंडे’, ‘एक्सक्यूज’, ‘अफसोस’ जैसे सुपरहिट गाने हैं और उनकी नेटवर्थ करोड़ों में है।