बिहार में दारोगा यानी सब-इंस्पेक्टर SI बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार बढ़ता ही जा रहा है। 1799 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की तारीख अब तक घोषित नहीं हुई है, जिसके चलते अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है। वहीं, इसे लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पटना के गांधी मैदान में प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे और भर्ती प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने की मांग भी की। अभ्यर्थियों का कहना है कि मुख्य परीक्षा पास करने के बाद वे कई महीनों से PET की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन परीक्षा स्थगित होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। 

PET की तारीख घोषित करने की मांग

अभ्यर्थियों ने मांग की है कि बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) जल्द से जल्द PET की नई तारीख जारी करे। वहीं, उनका कहना है कि दौड़ और दूसरी शारीरिक गतिविधियों के लिए वे लगातार अभ्यास कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा की तारीख तय नहीं होने से तैयारी को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, वो पिछले तीन से चार महीने से भर्ती को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। वहीं, अभ्यर्थियों ने ये भी कहा कि मुख्य परीक्षा में सफलता मिलने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही PET आयोजित होगा, लेकिन अगले चरण के स्थगित किए जाने से उनकी चिंता बढ़ गई है।

आदेश के बाद टली PET

गृह विभाग के आदेश के बाद BPSSC ने सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था। मुख्य लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को PET में शामिल होना था। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना था। वहीं, आयोग की ओर से बताया गया था कि PET की नई तारीख बाद में जारी की जाएगी। हालांकि, अभी तक नई तारीख सामने नहीं आने के कारण भी अभ्यर्थी लगातार सवाल उठा रहे हैं।

पहले भी आंदोलन कर चुके हैं अभ्यर्थी

वही दारोगा भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन पहले भी हो चुका है। गर्दनीबाग में हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा को रद्द करने की मांग भी की थी। इतना ही नहीं बल्कि प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा में गड़बड़ी और अनियमितता के आरोप भी लगाए थे। वही बीते गुरुवार को छात्र प्रतिनिधिमंडल की शिक्षा सचिव के साथ बैठक भी हुई थी। बैठक में भर्ती परीक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा भी की गई। इसके बाद अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि भर्ती के अगले चरण को लेकर जल्द कोई स्पष्ट जानकारी सामने आ सकती है |

परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच जारी

 परीक्षा को लेकर सामने आई शिकायतों की जांच भी लगातार चल रही है। वही मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) कर रही है | और इसके लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया गया है।अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा में हुई शिकायत की जांच जरूरी है, वही मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को लंबे समय तक अनिश्चितता में रखना उचित नहीं है। वे चाहते हैं कि जांच के साथ-साथ भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण को लेकर भी स्पष्ट फैसला लिया जाए। वही फिलहाल 1799 पदों की इस भर्ती में मुख्य परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार BPSSC की अगली घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आयोग PET की नई तारीख कब घोषित करता है।