एंटरटेनमेंट
अश्नूर कौर का बॉडी शेमिंग पर छलका दर्द, ‘बिग बॉस’ एक्ट्रेस ने किया तकलीफदेह स्ट्रगल
महज चार साल की उम्र से कैमरे के सामने पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अश्नूर कौर ने हाल ही में बॉडी इमेज, आत्मविश्वास और लगातार सार्वजनिक निगाहों में पलने की चुनौतियों पर खुलकर बात की है। ‘ऑल अबाउट हर’ में सोहा अली खान और शालिनी राठौड़ के साथ हुई इस गहरी बातचीत में अश्नूर ने ग्लैमर की चमक के पीछे छिपे मानसिक संघर्षों को बेबाकी से साझा किया। अश्नूर ने बताया कि आत्म-संघर्ष अक्सर दिमाग से शुरू होता है और धीरे-धीरे शरीर पर असर डालता है। उनके शब्दों में, “ट्रॉमा, तनाव और डर शरीर में जमा हो जाते हैं। जब तक हम खुद के साथ नरमी और शांति नहीं रखते, ये खत्म नहीं होते।” उन्होंने स्वीकार किया कि खूबसूरत दिखने वाले लोग भी अक्सर खुद को ‘पर्याप्त नहीं’ मानते हैं।
सेट पर मिली थी वजन घटाने की सलाह
उन्होंने ‘बिग बॉस 19’ के माहौल को भी ‘टॉक्सिक’ बताया, जहां कॉन्फिडेंट दिखने वाले लोग भी भीतर से असुरक्षित महसूस करते हैं। अश्नूर ने खुलासा किया कि 15–16 साल की उम्र में सेट्स पर उन्हें ‘भारी’ कहकर वजन घटाने की सलाह दी गई। बॉडी शेमिंग का यह अनुभव उनके लिए बेहद तकलीफदेह रहा। अश्नूर ने बताया कि उन्होंने हर संभव डाइट और फिटनेस ट्रेंड आजमाया- कीटो, वॉटर डाइट, कड़े वर्कआउट्स और कई ट्रेनर्स। “मैंने खुद को टेप किया, वॉटर डाइट पर रही, लेकिन सेट पर भूख से चक्कर आने लगे,” उन्होंने कहा।
हार्मोनल इम्बैलेंस से बढ़ा वजन
बाद में पता चला कि हार्मोनल इम्बैलेंस के कारण वजन कम नहीं हो पा रहा था। इस सफर में उन्होंने सीखा कि असली कॉन्फिडेंस बाहरी बदलावों से नहीं, भीतर की स्वीकार्यता से आता है। सोहा अली खान ने इस बातचीत को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए अश्नूर की ईमानदारी की सराहना की और कहा कि ऐसे अनुभव साझा करना कई युवाओं को हिम्मत दे सकता है। अश्नूर ने यह भी बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर “Gentle On Me” नाम से एक पहल शुरू की है, जो मानसिक शांति और आत्म-देखभाल पर केंद्रित है—उनके फैंस के लिए एक सुरक्षित जगह।
अशनूर ने क्यों लिया था 3 साल का ब्रेक?
बचपन में झांसी की रानी जैसे शोज से पहचान बनाने वाली अश्नूर ने तीन साल का ब्रेक लिया ताकि चाइल्ड आर्टिस्ट की छवि से बाहर आ सकें। बिग बॉस में बॉडी शेमिंग के मुद्दे पर सलमान खान की फटकार का जिक्र करते हुए अश्नूर ने कहा, “सुंदरता किसी वजन या माप से नहीं जुड़ी होनी चाहिए।” उनका यह खुलासा उन युवतियों के लिए प्रेरणा है, जो इंडस्ट्री के अवास्तविक मानकों से जूझ रही हैं।