एंटरटेनमेंट

Badshah के खिलाफ FIR दर्ज, Tateeree पर बवाल के बाद यूट्यूब से हटा गाना; लुक आउट सर्कुलर जल्द होगा जारी

Published

on

मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह इन दिनों अपने नए गाने ‘टटिहरी’ को लेकर बड़े विवाद में घिर गए हैं। हरियाणा के पंचकूला और जींद में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हरियाणा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें बादशाह को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, विवाद बढ़ने के बाद गाने ‘टटिहरी’ को यूट्यूब से हटा दिया गया है और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी इसे हटवाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति इस गाने या इससे जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को शेयर करेगा, उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

1 मार्च को रिलीज हुआ था गाना, तभी से शुरू हुआ विवाद

बादशाह का विवादित गाना ‘टटिहरी’ एक मार्च को रिलीज हुआ था। रिलीज होते ही इसकी लिरिक्स और कुछ दृश्यों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कई सामाजिक संगठनों ने गाने में इस्तेमाल किए गए कथित आपत्तिजनक शब्दों और लाइनों पर कड़ी आपत्ति जताई। मामला बढ़ने के बाद हरियाणा महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया और बादशाह को समन भेजकर 13 मार्च को पेश होने के लिए कहा है।

शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंचकूला निवासी अभय चौधरी ने साइबर थाने में बादशाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि गाने में कई ऐसे शब्द और दृश्य हैं, जो बेहद आपत्तिजनक हैं और समाज में अश्लीलता फैलाने वाले हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाने में ‘पाठशाला’ को ‘बेडशाला’ कहकर दिखाया गया है और कई लाइनों में महिलाओं के प्रति अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि इस तरह के शब्द समाज में महिलाओं और बेटियों की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।

महिला आयोग ने भी जताई आपत्ति

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनु भाटिया ने भी गाने की लिरिक्स पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इस तरह के शब्द महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करते हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं।

हरियाणा रोडवेज और स्कूल की अनुमति पर भी सवाल

विवाद का एक और कारण गाने में दिखाए गए कुछ लोकेशन भी हैं। गाने में जींद रोडवेज डिपो की बस दिखाई गई है। डिपो के जनरल मैनेजर का कहना है कि गाने की शूटिंग के लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी, जिससे विभाग और डिपो की छवि खराब हो रही है। इसके अलावा गाने में स्कूल की लड़कियों को बैग फेंकते हुए और बस के ऊपर खड़े होकर गाते हुए दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल में भी बिना अनुमति शूटिंग की गई थी।

कौन हैं रैपर बादशाह

रैपर बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। वह हरियाणा के करनाल जिले के उचानी गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता सरकारी कर्मचारी थे। बादशाह ने शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के भारती पब्लिक स्कूल से की और बाद में चंडीगढ़ से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उनकी रुचि म्यूजिक और रैप की ओर बढ़ी और उन्होंने इसी क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया। अपने करियर में बादशाह ने कई सुपरहिट गाने दिए हैं, हालांकि उनके कुछ गाने विवादों में भी रहे हैं। फिलहाल ‘टटिहरी’ गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version