एंटरटेनमेंट
भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा अवस्थी और उनके पति पर लगा करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, दर्ज हुआ केस
टीवी शो ‘इश्क में मरजावां’ से पहचान बनाने और बाद में भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल रहीं आकांक्षा अवस्थी इन दिनों गंभीर कानूनी मुश्किलों में घिरी नजर आ रही हैं। आकांक्षा और उनके पति पर एक शख्स ने करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। खेसारी लाल यादव समेत भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों के साथ काम कर चुकीं आकांक्षा अवस्थी के खिलाफ 28 जनवरी को मुंबई के पंत नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।
एक्ट्रेस और पति पर लगा करोड़ों की ठगी का आरोप
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतकर्ता का नाम हितेश कांतिलाल अजमेरा है। 52 वर्षीय हितेश कस्टम क्लीयरेंस का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने आकांक्षा अवस्थी, उनके पति विवेक कुमार उर्फ अभिषेक कुमार सिंह चौहान और उनके कुछ सहयोगियों पर कुल 11.50 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
पीड़ित के अनुसार, आकांक्षा और उनके साथियों ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में मजबूत कनेक्शन वाला और बेहद प्रभावशाली बताया था। शिकायत में दावा किया गया है कि आकांक्षा ने अंधेरी में अपने निजी फिल्म स्टूडियो और आर्टिस्ट ट्रेनिंग सेंटर का भी जिक्र किया था। आरोप है कि स्टूडियो की ओनरशिप, शोहरत और 200 करोड़ रुपये के ब्याज-मुक्त लोन का लालच देकर हितेश से निवेश करवाया गया।
क्या बोले शिकायतकर्ता?
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आकांक्षा के पति विवेक कुमार ने एक कहानी गढ़ते हुए दावा किया था कि बिहार के बेतिया इलाके में एक वेयरहाउस में उनके 300 करोड़ रुपये नकद रखे हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ कानूनी अड़चनों के चलते यह पैसा फंसा हुआ है और उसे निकालने के लिए निवेश की जरूरत है। इसके बदले में चार दिनों के भीतर 200 करोड़ रुपये बिना ब्याज लौटाने का वादा किया गया था। पीड़ित के मुताबिक, आकांक्षा अवस्थी ने खुद भी उन्हें भरोसा दिलाया था कि पैसे सुरक्षित वापस मिल जाएंगे।
मार्च से जुलाई 2024 के बीच 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर
पीड़ित ने बताया कि मार्च से जुलाई 2024 के बीच उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। भरोसा दिलाने के लिए आकांक्षा और उनके पति उन्हें पटना ले गए और कथित वेयरहाउस से जुड़े कुछ दस्तावेज भी दिखाए। इसके बाद बेतिया ले जाने की योजना भी बनाई गई। शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई 2024 को जब सभी लोग बेतिया के लिए रवाना हुए, तब विवेक कुमार मिठाई खरीदने के बहाने बाहर निकले और फिर वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। कुछ दिनों तक आरोपी अलग-अलग बहाने बनाते रहे, लेकिन बाद में पूरी तरह से संपर्क से बाहर हो गए।
गौरतलब है कि आकांक्षा अवस्थी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2016 में बॉलीवुड फिल्म ‘रॉकी हैंडसम’ से की थी। इसके बाद उन्होंने 2018 में भोजपुरी फिल्म ‘दबंग सरकार’ के जरिए भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा। वह ‘दबंग सरकार’ के अलावा ‘विवाह’ और ‘जय हिंद’ जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों के आधार पर की जाएगी।