एंटरटेनमेंट
भोजपुरी सिंगर्स अंकुश-राजा ने करवाया 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह, खेसारी ने तोहफे में बांटी बाइक
रोहतास जिले के सासाराम से समाजसेवा की एक प्रेरक मिसाल सामने आई है। प्रसिद्ध भोजपुरी गायक जोड़ी अंकुश–राजा ने मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए सासाराम सदर प्रखंड के तेतरी गांव में शुक्रवार को 11 जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। इस नेक पहल की पूरे क्षेत्र में भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है। इस आयोजन की पृष्ठभूमि गायक राजा के पारिवारिक संस्कारों से जुड़ी है। उनके पिता ने वर्षों पहले यह संकल्प लिया था कि बेटों के विवाह से पूर्व 11 निर्धन कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। राजा परिवार के बड़े पुत्र हैं, इसलिए उनके वैवाहिक कार्यक्रम से पहले इस संकल्प को पूरे विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ पूरा किया गया।
अंकुश–राजा ने करवाया 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह
सामूहिक विवाह केवल रस्मों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे भावनात्मक और सम्मानजनक विदाई का रूप दिया गया। अंकुश–राजा ने सभी कन्याओं को अपनी सगी बहनों की तरह विदा किया। नवविवाहित 11 जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान भी भेंट किए गए। गायक जोड़ी ने कहा कि कन्यादान से जो आत्मिक शांति और संतोष मिला, वह शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
खेसारी लाल यादव भी हुए शामिल
इस खास मौके पर भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव भी शामिल हुए। उन्होंने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और 11 जोड़ों को एक-एक मोटरसाइकिल उपहार में दी।
अंकुश–राजा के साथ खेसारी ने किया एंटरटेन
खेसारी लाल यादव की मौजूदगी से कार्यक्रम का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। गीत-संगीत की रंगारंग महफिल सजी, जिसमें अंकुश–राजा के साथ खेसारी लाल यादव ने भी अपनी प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन किया। आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में पहुंचे और इसे एक सामाजिक उत्सव के रूप में मनाया। यह आयोजन न सिर्फ विवाह समारोह था, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी—कि लोकप्रियता और सफलता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है।