एंटरटेनमेंट
‘ये रेट बताएगा हमारा…’, भोजपुरी सिंगर का एंकर की अभद्र टिप्पणी पर एक्शन; स्टेज पर चलाई ‘चप्पल’… वीडियो वायरल
भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित लोक गायिका निशा उपाध्याय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका नया गाना नहीं, बल्कि स्टेज शो के दौरान हुआ हंगामा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्टेज पर भड़कीं निशा, एंकर पर उठाई चप्पल
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बिहार के सारण जिले के एक गांव में आयोजित स्टेज कार्यक्रम का है। कार्यक्रम में निशा परफॉर्मेंस के लिए तैयार थीं। तभी एंकर मुकेश ने मंच से उनका नाम लेते हुए कुछ ऐसा कह दिया, जो उन्हें नागवार गुजर गया। एंकर ने अनाउंस करते हुए मजाकिया अंदाज़ में कहा— “अब बारी है हमारी प्यारी निशा दीदी की… तालियां बजाइए… और हां, आज का रेट क्या है दीदी का? एक गाना दस हजार, दो गाने बीस हजार… या कुछ और?” भीड़ में कुछ लोग हंस पड़े, लेकिन यह टिप्पणी निशा को बिल्कुल पसंद नहीं आई।
“ये मेरा रेट बताएगा?”
वीडियो में दिख रहा है कि नीले रंग की साड़ी पहने निशा गुस्से में स्टेज पर आती हैं और हाथ में चप्पल उठा लेती हैं। एंकर खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आता है, जबकि पीछे से कुछ लोग शोर मचाते हुए सुनाई देते हैं। निशा गुस्से में कहती सुनाई देती हैं— “रेट बता रहा है… ये रेट बताएगा मेरा? माइक दीजिए इसका रेट हम बताएं… इसको मारेंगे हम… रेट बताने वाला कौन होता है ये?” कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर के लिए कार्यक्रम में अफरातफरी का माहौल बन गया।
इंडस्ट्री में मजबूत पहचान
निशा उपाध्याय भोजपुरी संगीत जगत की जानी-मानी लोक गायिका, स्टेज परफॉर्मर और अभिनेत्री हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है— इंस्टाग्राम पर उनके करीब 4.78 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं।
पहले भी हो चुकी हैं हमले का शिकार
यह पहली बार नहीं है जब उनका नाम किसी विवाद या घटना से जुड़ा हो। साल 2023 में एक लाइव स्टेज शो के दौरान हवाई फायरिंग की घटना में उन्हें गोली लग गई थी। उस समय भी यह मामला काफी चर्चा में रहा था। इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर कलाकारों के सम्मान और स्टेज पर पेशेवर व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया क्या आती है।