एंटरटेनमेंट
अभिषेक बजाज और प्रणित मोरे की दोस्ती में दरार का मिला सबूत, टूटे Bigg Boss 19 के रिश्ते
टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ से सुर्खियों में आए अभिषेक बजाज और प्रणित मोरे एक बार फिर चर्चा में हैं। शो के दौरान दोनों की गहरी दोस्ती ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था, लेकिन अभिषेक के एलिमिनेशन के बाद उनकी दोस्ती में खटास आ गई थी। हालांकि शो खत्म होने के बाद दोनों के बीच सब कुछ ठीक होता नजर आया, लेकिन अब एक बार फिर उनके रिश्ते में दरार की अटकलें तेज हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर किया एक-दूसरे को अनफॉलो
खबरों के मुताबिक अभिषेक बजाज और प्रणित मोरे ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। यह बात इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि कुछ दिन पहले ही दोनों को दुबई ट्रिप के दौरान साथ देखा गया था। दुबई में रिजवान साजन की पार्टी में दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए थे। इस दौरान ‘बिग बॉस 19’ की तथाकथित पॉजिटिव गैंग के सदस्यों के साथ भी दोनों ने तस्वीरें शेयर की थीं।
फिर बिगड़ा रिश्ता?
अचानक सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो किए जाने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अभिषेक और प्रणित के बीच फिर से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। फिलहाल इस पूरे मामले पर दोनों में से किसी ने भी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
शो में हुआ था विवाद
गौरतलब है कि ‘बिग बॉस 19’ के एक अहम एपिसोड में प्रणित मोरे को तीन नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स में से किसी एक को सुरक्षित करने का मौका मिला था। उस समय अभिषेक बजाज, अशनूर कौर और नीलम गिरी नॉमिनेशन में थे। प्रणित ने अशनूर कौर को सेफ किया, जिसके चलते अभिषेक बजाज और नीलम गिरी को शो से बाहर होना पड़ा। हैरानी की बात यह थी कि प्रणित अक्सर अभिषेक को अपनी प्राथमिकता बताते थे, लेकिन एलिमिनेशन के वक्त उनका फैसला इसके बिल्कुल उलट रहा। इसी घटना के बाद से दोनों की दोस्ती में दरार आ गई थी, जिसकी झलक अब एक बार फिर सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है।