एंटरटेनमेंट

Border 2 रिलीज होते ही फंसी कानूनी पचड़े में, जानें क्यों दर्ज हुई शिकायत?

Published

on

सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अभिनीत फिल्म बॉर्डर 2 रिलीज के महज दो दिन बाद ही विवादों में घिर गई है। 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर कलाकारों, निर्माता और निर्देशक अनुराग सिंह के खिलाफ मेरठ के परतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

‘बॉर्डर 2’ के एक्टर और मेकर्स पर हुआ केस

मिली जानकारी के मुताबिक, 25 जनवरी 2026 को बहुजन जनतादल खोड़ावल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल खोड़ावल ने थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि फिल्म में जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इस मामले में फिल्म से जुड़े लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

क्या है मामला?

शिकायत में बताया गया है कि फिल्म के 27 मिनट 37 सेकंड पर एक दृश्य में सैनिकों के बीच बातचीत के दौरान कथित तौर पर जातिसूचक शब्द का प्रयोग किया गया है। इस सीन में एक कलाकार जूते पॉलिश करता नजर आता है, जबकि दूसरा कलाकार उसे जातिसूचक शब्द कहता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह दृश्य बेहद आपत्तिजनक है और इससे सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंची है। इस मामले में निर्देशक अनुराग सिंह के साथ-साथ निर्माता भूषण कुमार (टी-सीरीज), जेपी दत्ता, निधि दत्ता समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version