एंटरटेनमेंट
15 साल की शादी टूटने से सेलिना जेटली को क्या मिला सबक? सोशल मीडिया पर छलका एक्ट्रेस का दर्द
बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और सच्चाई से भरा पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपनी 15 साल की टूटी हुई शादी और उससे जुड़े दर्द, संघर्ष और सीख को खुलकर बयां किया है। उनका यह पोस्ट उन हजारों लोगों की आवाज बनकर सामने आया है, जो रिश्तों में चुपचाप दर्द सहते हैं। सेलिना ने लिखा कि लोग उनसे अक्सर पूछते हैं कि उनकी 15 साल की शादी से उन्हें सबसे बड़ी सीख क्या मिली। इस पर उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “आप किसी इंसान को ज्यादा प्यार करके नहीं बदल सकते। प्यार उस चीज़ को ठीक नहीं कर सकता, जो पहले से ही टूट चुकी हो।”
लिखना बना सहारा
सेलिना जेटली ने बताया कि वह खुद को सबसे बेहतर तरीके से लिखकर व्यक्त करती हैं। जब वह बोल नहीं पाती थीं, जब उनकी आवाज नहीं सुनी जाती थी, तब उन्होंने शब्दों का सहारा लिया। उनकी शादी के मुश्किल दौर में लिखना उनके लिए सिर्फ अभिव्यक्ति का जरिया नहीं, बल्कि जीवित रहने का माध्यम बन गया। उन्होंने अपने पति को लिखे गए खतों के जरिए उनका अहंकार संभालने, अपना प्यार जताने, रिश्ते के प्रति अपनी ईमानदारी और परिवार के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाने की कोशिश की। ये खत उस रिश्ते को बचाने, दरारों को भरने और बच्चों के लिए शादी को जोड़े रखने का प्रयास थे।
जब शब्द भी सच्चाई बताने लगे
समय के साथ उनकी लिखावट का स्वर बदलने लगा। प्यार और उम्मीद से भरे शब्दों की जगह अब दर्द, चुप कराए जाने, न सुने जाने और मानसिक उत्पीड़न की सच्चाई झलकने लगी। सेलिना ने लिखा कि कैसे बार-बार उन्हें हर झगड़े, हर चोट और हर तरह के दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार ठहराया गया। उन्होंने साफ किया कि ये लिखावटें दुर्व्यवहार का खंडन नहीं थीं, बल्कि उसका दस्तावेज़ थीं।
उम्मीद के सहारे बीते 15 साल
सेलिना ने बताया कि उन्होंने 15 साल की यह शादी छोटे-छोटे प्यार के टुकड़ों, कभी-कभार मिलने वाली गर्मजोशी और इस उम्मीद के सहारे निभाई कि शायद हालात बदल जाएं। लेकिन एक वक्त ऐसा आया जब उनके शब्द भी उस सच्चाई को छिपा नहीं सके, जिसमें वह जी रही थीं।
उन्होंने कहा कि उनका प्यार कमजोरी नहीं था, बल्कि सहनशक्ति और जीवित रहने की कोशिश थी।
पीड़ित रिश्तों की सच्चाई
अपने पोस्ट के अंत में सेलिना जेटली ने एक बेहद अहम बात कही। उन्होंने लिखा कि ज्यादातर पुरुष और महिलाएं अपमानजनक शादियों में इसलिए टिके रहते हैं क्योंकि उन्हें बदलाव की उम्मीद होती है। वे प्यार दिखाते रहते हैं, इसलिए नहीं कि वे कमजोर हैं, बल्कि इसलिए क्योंकि उम्मीद, डर, जिम्मेदारी और प्यार ही वे चीजें होती हैं जो उन्हें टूटने से बचाए रखती हैं।
सेलिना जेटली का यह पोस्ट सिर्फ उनकी निजी कहानी नहीं है, बल्कि उन अनगिनत लोगों की सच्चाई है, जो रिश्तों में चुपचाप दर्द सहते हैं और फिर भी प्यार को आखिरी सहारा मानते हैं। उनका यह खुलासा समाज को सोचने पर मजबूर करता है कि हर मुस्कुराते रिश्ते के पीछे खुशहाली ही हो, यह जरूरी नहीं।