एंटरटेनमेंट
मशहूर कॉमेडियन ने 6 महीनों में कैसे घटाया 22 किलो वजन? भुगतने पड़े ये साइड इफेक्ट्स
फेमस कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर ऐश्वर्या मोहनराज इन दिनों अपनी जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने करीब 22 किलो वजन घटाया है और हाल ही में अपनी वेट लॉस जर्नी के बारे में खुलकर बात की। जैसे ही उन्होंने खुलासा किया कि वजन कम करने के लिए उन्होंने एक इंजेक्शन की मदद ली, सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे।
इंजेक्शन लेकर घटाया वजन
ऐश्वर्या ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि 2025 की शुरुआत में उन्होंने डॉक्टर से सलाह ली थी। उन्हें टाइप 2 डायबिटीज की समस्या थी और वजन भी लगातार बढ़ रहा था। ऐसे में डॉक्टर ने उन्हें ‘मौनजारो’ (Mounjaro) नाम का वीकली इंजेक्शन लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन शुरू करने के बाद उनका वजन तेजी से कम होने लगा, लेकिन इसके कुछ साइड इफेक्ट्स भी सामने आए। उन्हें मितली (नॉजिया) की समस्या हुई, भूख काफी कम लगने लगी और बाल झड़ने की दिक्कत भी बढ़ गई।
74 किलो से घटकर 52 किलो हुआ वजन
हालांकि, ऐश्वर्या ने साफ किया कि सिर्फ इंजेक्शन लेने से ही यह बदलाव नहीं आया। उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल में भी बड़े बदलाव किए। वह रोजाना एक्सरसाइज करती थीं, जंक फूड पूरी तरह बंद कर दिया था और प्रोटीन का सेवन बढ़ा दिया था। इसके अलावा वह रोज करीब 10 हजार कदम चलती थीं। इन सभी कोशिशों के चलते छह महीनों में उनका वजन 74 किलो से घटकर 52 किलो हो गया।
सोहा अली खान ने की तारीफ
उनकी ईमानदारी की कई लोगों ने सराहना की। अभिनेत्री सोहा अली खान ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। सोहा ने कहा, “आखिरकार किसी ने यह मान लिया कि वजन सिर्फ सही खान-पान और वर्कआउट से ही नहीं, बल्कि मौनजारो की मदद से भी कम किया गया है। सच बोलने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए।” ऐश्वर्या की इस खुली बातचीत ने वेट लॉस, मेडिकल सपोर्ट और ईमानदारी पर एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है।