देश
दिल्ली को मिलेगी पहली ‘रिंग मेट्रो’, 8 मार्च को PM मोदी देंगे नई मेट्रो परियोजनाओं की सौगात
दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजधानी में देश की पहली रिंग मेट्रो शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री 8 मार्च को दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और तीन नई मेट्रो परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत 18,300 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इन मेट्रो कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मजबूत होगा, सड़क पर वाहनों की संख्या घटेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
8 मार्च को दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री दो महत्वपूर्ण मेट्रो सेक्शन का उद्घाटन करेंगे:
-मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन विस्तार)
-दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन विस्तार)
इन दोनों परियोजनाओं के चालू होने से दिल्ली के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी।
दिल्ली को मिलेगी देश की पहली ‘रिंग मेट्रो’
मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन के शुरू होने के साथ ही दिल्ली में देश की पहली पूरी तरह संचालित रिंग मेट्रो तैयार हो जाएगी। इस कॉरिडोर की लंबाई 12.3 किलोमीटर है। इसमें 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। यह पहले से चल रही मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है। इसके जुड़ने के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी।
इस सेक्शन के प्रमुख स्टेशन
-मजलिस पार्क
-बुराड़ी
-झड़ौदा माजरा
-जगतपुर-वजीराबाद
-सूरघाट
-नानकसर-सोनिया विहार
-खजूरी खास
-भजनपुरा
-यमुना विहार
-मौजपुर-बाबरपुर
मैजेंटा लाइन का नया विस्तार
दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक बनने वाला नया कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का हिस्सा है।
-कुल लंबाई: 9.92 किलोमीटर
-स्टेशन: 7 एलिवेटेड स्टेशन
प्रमुख स्टेशन
दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा, मजलिस पार्क। इस विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी।
इंजीनियरिंग के लिहाज से भी खास प्रोजेक्ट
इन मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण तकनीकी रूप से भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का एक हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है, जो दिल्ली मेट्रो के सबसे ऊंचे एलिवेटेड सेक्शनों में से एक है। मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर के लिए यमुना नदी पर नया पुल बनाया गया है। यहां डबल-डेकर वायडक्ट बनाया गया है जिसमें ऊपर मेट्रो ट्रैक और नीचे फ्लाईओवर है। यह यमुना नदी पर दिल्ली मेट्रो का पांचवां पुल है।
फेज-V के तीन नए कॉरिडोर का होगा शिलान्यास
प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो फेज-V (A) के तहत तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
- सेंट्रल विस्टा मेट्रो कॉरिडोर
-मार्ग: रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ
-लंबाई: 9.913 किमी (भूमिगत)
-कुल 9 नए स्टेशन
यह कॉरिडोर कर्तव्य भवन, भारत मंडपम, इंडिया गेट और सेंट्रल विस्टा क्षेत्र को मेट्रो से जोड़ेगा।
- गोल्डन लाइन विस्तार (एरोसिटी – IGI एयरपोर्ट T1)
-लंबाई: 2.263 किमी
-पूरी तरह भूमिगत कॉरिडोर
-एक नया स्टेशन
यह परियोजना एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएगी।
- गोल्डन लाइन विस्तार (तुगलकाबाद – कालिंदी कुंज)
-लंबाई: 3.9 किमी
-एलिवेटेड कॉरिडोर
स्टेशन
-सरिता विहार डिपो
-मदनपुर खादर
-कालिंदी कुंज
NCR के यात्रियों को भी मिलेगा फायदा
इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ होगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्री वायलेट लाइन से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन के जरिए सीधे IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1 जा सकेंगे। नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के इलाकों तक आसानी से यात्रा कर पाएंगे। नई मेट्रो परियोजनाओं के साथ दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का विकल्प मिलेगा।