एंटरटेनमेंट

Dhurandhar 2 रिलीज से पहले Aditya Dhar फंसे मुश्किल में, प्रोडक्शन हाउस पर BMC के सख्त रुख की तैयारी

Published

on

Ranveer Singh की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन रिलीज से पहले ही फिल्म मुश्किलों में फंसती नजर आ रही है। निर्देशक Aditya Dhar के प्रोडक्शन हाउस B62 Studios को लेकर बीएमसी सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। खबरों के मुताबिक, बीएमसी (Brihanmumbai Municipal Corporation) प्रोडक्शन हाउस को ब्लैकलिस्ट करने की योजना बना रही है, जिससे उन्हें मुंबई में फिल्म की शूटिंग के लिए अनुमति मांगने से रोका जा सकता है।

क्या है मामला?

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों और तय शर्तों के कथित उल्लंघन की आशंका जताई गई है। उप नगर आयुक्त (डीएमसी) जोन I ने बी62 स्टूडियोज और दो अन्य आवेदकों को Maharashtra Film, Stage and Cultural Development Corporation Limited के जरिए फिल्मिंग परमिशन के लिए आवेदन करने से स्थायी रूप से प्रतिबंधित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

बीएमसी के एक अधिकारी के मुताबिक, मंजूरी के बाद कोमल पोखरियाल, नासिर खान और बी62 प्रोडक्शन हाउस अब महाराष्ट्र फिल्म सेल की वेबसाइट के माध्यम से शूटिंग की अनुमति के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। इस संबंध में नोटिस जारी करने की भी तैयारी है, जिसकी कॉपी संबंधित विभागों को भेजी जाएगी।

जुर्माना और अन्य कार्रवाई

नगर निगम ने एक इमारत की छत पर शूटिंग करने और बिना अनुमति दो जनरेटर वैन चलाने के आरोपों के आधार पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही पहले जमा की गई 25,000 रुपये की सिक्योरिटी राशि जब्त करने की भी सिफारिश की गई है। बताया जा रहा है कि ए वार्ड क्षेत्र में 7 और 8 फरवरी को भी नियम उल्लंघन की शिकायतें मिली थीं। अधिकारियों के अनुसार, शूटिंग के दौरान पटाखों और ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग पर रोक थी। बावजूद इसके, 14 फरवरी की रात करीब 12:45 बजे मशालों के इस्तेमाल की शिकायत सामने आई। दावा किया गया है कि मुंबई पुलिस ने मौके से पांच जलती मशालें जब्त कीं।

हालांकि, प्रोडक्शन टीम ने अधिकारियों को पहले आश्वासन दिया था कि ज्वलनशील सामग्री का उपयोग नहीं किया जाएगा। सशर्त अनुमति में यह भी शामिल था कि फोर्ट हेरिटेज परिसर में अस्थायी ढांचा खड़ा करने के लिए मुंबई हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी से एनओसी ली जाए। कथित उल्लंघन के बाद ए वार्ड कार्यालय ने उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर 1 लाख रुपये का जुर्माना, सिक्योरिटी जब्ती और स्थायी ब्लैकलिस्टिंग की अंतिम मंजूरी मांगी है।

19 मार्च को रिलीज

‘धुरंधर: द रिवेंज’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला Yash की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से होगा। अब देखना होगा कि कानूनी और प्रशासनिक अड़चनों के बीच फिल्म तय समय पर रिलीज हो पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version