एंटरटेनमेंट
‘Dhurandhar 2’ ने रिलीज से पहले कैसे कर डाली पहले पार्ट से ज्यादा कमाई? रिकॉर्ड तोड़ने के लिए रणवीर सिंह तैयार
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर पार्ट 2’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में आ चुकी है। फिल्म भले ही 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही इसने करोड़ों की कमाई कर ली है। खास बात यह है कि फिल्म ने ओटीटी राइट्स के ज़रिए तगड़ा मुनाफा कमाया है। हालांकि, इस बार ‘धुरंधर पार्ट 2’ के ओटीटी प्लेटफॉर्म में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जहां धुरंधर पार्ट 1 नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी, वहीं इसका दूसरा भाग अब नेटफ्लिक्स पर नहीं, बल्कि जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा।
किसे मिले ‘धुरंधर 2’ के राइट्स?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो हॉटस्टार ने ‘धुरंधर पार्ट 2’ के स्ट्रीमिंग राइट्स खरीद लिए हैं। ओटीटी डील के मामले में यह फिल्म पहले पार्ट से कहीं आगे निकल गई है। बताया जा रहा है कि दूसरे पार्ट ने डिजिटल राइट्स के मामले में पहले पार्ट के मुकाबले लगभग दोगुनी कमाई की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ के स्ट्रीमिंग राइट्स करीब 150 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं। यह डील हाल के समय की सबसे बड़ी ओटीटी डील्स में से एक मानी जा रही है। वहीं पहले पार्ट के डिजिटल राइट्स करीब 85 करोड़ रुपये में बिके थे।
ज्यादा कीमत पर बिके दूसरे पार्ट के राइट्स
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि नेटफ्लिक्स ने दोनों फिल्मों के स्ट्रीमिंग राइट्स रिलीज से पहले ही 175 करोड़ रुपये में खरीदने का ऑफर दिया था, लेकिन मेकर्स ने इंतजार करना बेहतर समझा। इसका फायदा यह हुआ कि दूसरे पार्ट के राइट्स कहीं ज्यादा कीमत पर बिके। फिल्म ‘धुरंधर’ को आदित्य धर ने लिखा और निर्देशित किया है। अब फैंस इसके दूसरे भाग को लेकर काफी उत्साहित हैं। चर्चा है कि ‘धुरंधर पार्ट 2’ में इस बार यामी गौतम भी अहम भूमिका में नजर आ सकती हैं।
गौरतलब है कि 19 मार्च को रिलीज होने जा रही ‘धुरंधर पार्ट 2’ का बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला होने वाला है। इसी दिन साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ भी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दोनों फिल्मों के बीच यह टक्कर बॉक्स ऑफिस पर क्या रंग दिखाती है।