एंटरटेनमेंट
‘धुरंधर’ को महंगा पड़ने वाला है उनका डिसिजन? रणवीर सिंह पर 40 करोड़ रुपए के हर्जाने का क्या है Don 3 से कनेक्शन?
फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर फैंस काफी समय से बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कुछ समय पहले एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म का टीज़र रिलीज किया था, जिसमें शाहरुख खान की जगह रणवीर सिंह को नए डॉन के रूप में पेश किया गया था। हालांकि, हाल के दिनों में यह खबर सामने आई कि रणवीर सिंह अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। अब इसी मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
रणवीर सिंह को देना पड़ेगा मोटा हर्जाना
रिपोर्ट के मुताबिक, फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह से कथित तौर पर 40 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। यह विवाद रणवीर के ‘डॉन 3’ से बाहर होने के बाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि रणवीर ने दिसंबर में फिल्म छोड़ दी थी, जिसके बाद प्रोडक्शन कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर पहले ही बड़ी रकम खर्च कर दी थी। शूटिंग की प्लानिंग, शेड्यूलिंग और अन्य तैयारियों में भी देरी हुई, जिससे प्रोड्यूसर्स को नुकसान झेलना पड़ा। कंपनी का मानना है कि रणवीर सिंह की वजह से हुए इस नुकसान की भरपाई उन्हें करनी चाहिए।
रणवीर सिंह ने क्यों छोड़ी ‘डॉन 3’
सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह ने यह फिल्म इसलिए छोड़ी क्योंकि उन्हें इसकी स्क्रिप्ट पसंद नहीं आई थी। उन्होंने कई बार स्क्रिप्ट में बदलाव की मांग की, लेकिन फाइनल ड्राफ्ट से वह संतुष्ट नहीं थे। वहीं, एक्सेल एंटरटेनमेंट का कहना है कि रणवीर की सहमति मिलने के बाद ही फिल्म की तैयारियां शुरू की गई थीं।
दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिश
रिपोर्ट यह भी बताती है कि शुक्रवार को रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाली, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। मामला बढ़ता देख अब प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया बीच में आ गया है और दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रहा है, ताकि विवाद आगे न बढ़े। फिलहाल, इस पूरे मामले पर रणवीर सिंह या एक्सेल एंटरटेनमेंट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह पिछली साल रिलीज हुई ‘धुरंधर’ की बड़ी सफलता के बाद अब इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में नजर आएंगे। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।