एंटरटेनमेंट
दैव परंपरा का अपमान करने के आरोप में रणवीर सिंह के खिलाफ FIR, पुलिस ने भेजा नोटिस
बॉलीवुड के एनर्जेटिक अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। अभिनेता के खिलाफ बेंगलुरु में एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत एडवोकेट प्रशांत मेथल द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसमें रणवीर पर पवित्र दैव परंपरा का अपमान और उपहास करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि रणवीर सिंह ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ से जुड़े दैव पात्र की नकल करते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
वकील ने बताया पूरा घटनाक्रम
इस मामले में एडवोकेट प्रशांत मेथल ने एएनआई से बातचीत करते हुए पूरे घटनाक्रम का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के दौरान रणवीर सिंह ने ‘कांतारा: चैप्टर 1’ के गुलिगा दैवा का मजाक उड़ाया और देवी चामुंडी को ‘भूतनी’ कहकर संबोधित किया। वकील के अनुसार, इससे न सिर्फ उनकी बल्कि लाखों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
प्रशांत मेथल ने बताया कि उन्होंने 3 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय एफआईआर नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय प्रभाग के डिप्टी कमिश्नर और बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर से भी एफआईआर दर्ज कराने का अनुरोध किया, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः सभी विकल्प समाप्त होने के बाद उन्होंने धारा 223 के तहत अदालत में निजी शिकायत दर्ज कराई।
कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई एफआईआर
वकील ने आगे बताया कि शिकायत में बीएनएस की धारा 196, 299 और 302 के तहत दंडनीय अपराध लगाए गए हैं, जिनमें तीन साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा का प्रावधान है। 28 जनवरी 2026 को अदालत ने मामले की जांच का आदेश देते हुए हाई ग्राउंड्स पुलिस इंस्पेक्टर को निर्देश जारी किए। इसके बाद पुलिस एफआईआर दर्ज करने के लिए कानूनी रूप से बाध्य हुई और अभिनेता को नोटिस भी जारी किया गया।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह पूरा विवाद पिछले साल गोवा में हुए IFFI के समापन समारोह से जुड़ा है। कार्यक्रम के दौरान रणवीर सिंह ने ‘कांतारा: चैप्टर 1’ में ऋषभ शेट्टी की तारीफ करते हुए उनके किरदार की नकल की थी। इस दौरान रणवीर ने कहा था, “मैंने वो फिल्म सिनेमाघरों में देखी थी। ऋषभ, आपका अभिनय शानदार था, खासकर जब महिला भूत आपके शरीर में प्रवेश करती है।” इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद रणवीर सिंह सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के घेरे में आ गए थे। विवाद बढ़ने पर अभिनेता ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद मामला अब कानूनी रूप ले चुका है।