एंटरटेनमेंट

Bigg Boss 19 जीतकर भी खाली हाथ? गौरव खन्ना को 3 महीने बाद भी नहीं मिली प्राइज मनी

Published

on

रियलिटी शो में प्राइज मनी का ऐलान सुनने में जितना बड़ा और आकर्षक लगता है, कई बार उसे विजेता तक पहुंचने में समय लग जाता है। ऐसा ही कुछ अभिनेता और बिग बॉस 19 के विजेता गौरव खन्ना के साथ भी हो रहा है। शो जीतने के तीन महीने बाद भी उन्हें अब तक अपनी प्राइज मनी नहीं मिली है।

तीन महीने बाद भी नहीं मिली 50 लाख की प्राइज मनी

सलमान खान द्वारा होस्ट किए गए बिग बॉस सीजन 19 के विजेता बने गौरव खन्ना ने 50 लाख रुपये की प्राइज मनी जीती थी। हालांकि, शो खत्म हुए तीन महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक उन्हें यह रकम नहीं मिली है। हाल ही में अपने एक व्लॉग में फैंस के साथ सवाल-जवाब के दौरान गौरव खन्ना ने इस बारे में खुलकर बात की।

फैन के सवाल पर गौरव ने तोड़ी चुप्पी

व्लॉग के दौरान एक फैन ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें शो में जीती हुई प्राइज मनी और कार मिल गई है। इस पर गौरव खन्ना ने कहा, “नहीं, अभी तक नहीं मिली है। सच कहूं तो ये सब आने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि मिल जाएगा, क्योंकि इसके लिए एक प्रक्रिया होती है। ऐसा नहीं है कि नहीं आएगा।”

टीवी इंडस्ट्री में देरी होना आम बात

गौरव खन्ना ने आगे बताया कि टीवी इंडस्ट्री में इस तरह की प्रक्रियाओं में अक्सर थोड़ा समय लग जाता है। उन्होंने कहा, “मैं टीवी में काम कर चुका हूं और जानता हूं कि यहां थोड़ी बहुत देरी हो जाती है।”

बिग बॉस जीतने के बाद बदली जिंदगी

एक अन्य फैन ने जब उनसे पूछा कि शो जीतने के बाद उनकी जिंदगी में क्या बदलाव आया है, तो गौरव ने बताया कि उन्हें लोगों से जबरदस्त प्यार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कानपुर स्थित उनके घर पर शो जीतने के बाद से अब तक करीब 50-60 लोग उनसे मिलने पहुंच चुके हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अब तक किए गए सभी शोज की तुलना में लोग उन्हें बिग बॉस की वजह से ज्यादा पहचानने लगे हैं।

दो दशक से टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय

गौरव खन्ना पिछले करीब दो दशकों से टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में काम किया है, लेकिन उन्हें असली पहचान लोकप्रिय शो अनुपमा से मिली। इसके बाद बिग बॉस 19 जीतकर उन्होंने अपनी लोकप्रियता को और भी बढ़ा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version