एंटरटेनमेंट
महंगी गाड़ियां छोड़ टैक्सी में सफर करते दिखे गोविंदा, एक्टर की हालत देख फैंस भी हैरान
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा बीते कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे स्टेज पर अपने ही गाने पर डांस करते नजर आए। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने यह कहना शुरू कर दिया कि गोविंदा का करियर अब ढलान पर है। अब एक बार फिर अभिनेता चर्चा में हैं। दरअसल, उत्तर प्रदेश से उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक साधारण सी हुंडई ऑरा कार में बैठते दिखाई दे रहे हैं।
टैक्सी में दिखे गोविंदा
खास बात यह है कि इस कार पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोविंदा किसी फिल्म की शूटिंग, किसी कार्यक्रम या किसी अन्य प्रोफेशनल काम के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। गोविंदा को इस तरह एक सामान्य टैक्सी में सफर करते देख सोशल मीडिया यूजर्स हैरान हैं। वजह यह है कि 90 और 2000 के दशक में वे बॉलीवुड के टॉप सितारों में गिने जाते थे और अक्सर मर्सिडीज, ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी गाड़ियों में नजर आते थे। इसी तुलना को लेकर कुछ लोग इसे उनके करियर का ‘पतन’ बता रहे हैं।
गोविना का वीडियो देख क्या बोले फैंस?
एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इतने बड़े स्टार का इतना बड़ा डाउनफॉल कैसे हो सकता है? जो इंसान कभी मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू से नीचे की कार में नहीं बैठता था, आज वही ऑरा टैक्सी में नजर आ रहा है।” वहीं दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि गोविंदा अब स्टेज शो, शादी-ब्याह और छोटे आयोजनों में परफॉर्म करते दिख रहे हैं। हालांकि, कुछ फैंस उनके समर्थन में भी सामने आए हैं। एक यूजर ने लिखा, “कोई नहीं, हर किसी का समय बदलता है। हो सकता है गोविंदा का वक्त फिर लौटे।”
कई साल से फिल्मों में नहीं आए नजर
गौरतलब है कि गोविंदा का फिल्मी करियर भले ही पहले जैसा न रहा हो, लेकिन उन्होंने 90 और 2000 के दशक में इंडस्ट्री पर राज किया है। उनकी कई फिल्में सुपरहिट रहीं और वे उस दौर के नंबर वन एक्टर्स में शामिल थे। हालांकि, समय के साथ उन्हें लीड रोल मिलना कम हो गया और बीते कई सालों में वे किसी बड़ी या यादगार फिल्म में नजर नहीं आए हैं।
वहीं निजी जीवन को लेकर भी गोविंदा चर्चा में रहे हैं। पिछले साल उनके और पत्नी सुनीता आहूजा के तलाक की अफवाहों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उनके एक मराठी एक्ट्रेस के साथ अफेयर की खबरें भी सामने आई थीं। हाल ही में सुनीता आहूजा ने गोविंदा पर तंज कसते हुए उन्हें ‘शुगर डैडी’ कहा। उन्होंने बयान दिया कि इस उम्र में ऐसी हरकतें शोभा नहीं देतीं और 60 साल के व्यक्ति को समझदारी से व्यवहार करना चाहिए।