एंटरटेनमेंट

राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए टीवी के ‘राम’, सीनियर आर्टिस्ट को दर्द से गुजरता देख टूटा एक्टर का दिल

Published

on

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इन दिनों अभिनेता राजपाल यादव को लेकर चर्चा तेज है। कई चेक बाउंस मामलों में अदालत के आदेश के बाद उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया, जिसके बाद उनका भावुक संदेश सामने आया। इस खबर के सामने आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से कई लोग उनके समर्थन में आगे आने लगे हैं। सोनू सूद के बाद अब टीवी अभिनेता गुरमीत चौधरी ने भी राजपाल यादव के सपोर्ट में खुलकर आवाज उठाई है। गुरमीत चौधरी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा कि इतने सीनियर और टैलेंटेड अभिनेता को इस तरह के मुश्किल दौर से गुजरते देखना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आ रहे हैं और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से भी अपील कर रहे हैं कि वे इस कठिन समय में उनका साथ दें।

गुरमीत चौधरी ने राजपाल यादव के लिए लिखा पोस्ट

गुरमीत चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा, “राजपाल यादव जैसे सीनियर और बेहद प्रतिभाशाली कलाकार को इस दौर से गुजरते देखना बहुत दर्दनाक है। उन्होंने हमें अनगिनत मुस्कुराहटें, हंसी और यादगार पल दिए हैं। आज उन्हें हमारी जरूरत है। एक साथी कलाकार और एक इंसान के तौर पर मैं जितना कर सकता हूं, उनकी मदद जरूर करूंगा। सभी प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और फिल्मी दुनिया से विनम्र निवेदन है कि दया, मानवता और समाधान के साथ आगे आएं। हमारी इंडस्ट्री एक परिवार है और परिवार अपने लोगों को ऐसे नहीं छोड़ता।”

सोनू सूद से भी मिला राजपाल यादव को सपोर्ट

राजपाल यादव के मामले के सामने आने के बाद सबसे पहले सोनू सूद ने भी उनका समर्थन किया था। सोनू सूद ने ट्वीट कर कहा था कि राजपाल यादव एक गिफ्टेड और टैलेंटेड अभिनेता हैं और वक्त किसी का भी खराब हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया था कि निर्माता और निर्देशक उन्हें थोड़ा सा साइनिंग अमाउंट दें, जिसे भविष्य के काम के साथ एडजस्ट किया जा सकता है। सोनू सूद ने इसे दान नहीं, बल्कि सम्मान बताते हुए यह भी ऐलान किया था कि वह राजपाल यादव को अपनी फिल्म में काम देंगे। गुरमीत चौधरी ने सोनू सूद की इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा था, “सोनू सूद भाई हमेशा लोगों को साथ लाते हैं।” इसके बाद गुरमीत भी इस मुहिम से जुड़ गए।

क्या है राजपाल यादव का चेक बाउंस मामला?

गौरतलब है कि राजपाल यादव पर अलग-अलग चेक बाउंस से जुड़े कुल सात मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उन्हें करीब 9 करोड़ रुपये की रकम चुकानी है। उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर कर्ज चुकाने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, लेकिन कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी। इसके बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल अथॉरिटी के सामने यह कहते हुए सरेंडर कर दिया कि उनके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं।दिल्ली हाई कोर्ट ने हर चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को करीब 1.35 करोड़ रुपये चुकाने का आदेश दिया था। बताया जाता है कि साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई, जिसके बाद वह यह रकम चुकाने में असफल रहे।

राजपाल यादव का इमोशनल बयान

सरेंडर के दौरान राजपाल यादव भावुक हो गए थे और रोते हुए कहा था, “सर, मैं क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। मुझे कोई और रास्ता नजर नहीं आ रहा। यहां सब अकेले हैं, कोई दोस्त नहीं होता।” इसके बाद से ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version