एंटरटेनमेंट
Hera Pheri 3 फिर फंसी कानूनी पचड़े में, अक्षय कुमार की फिल्म से नहीं हट रहा ग्रहण; अब क्यों कोर्ट पहुंचा मामला?
‘हेरा फेरी 3’ को लेकर दर्शकों का इंतजार जितना लंबा होता जा रहा है, उतनी ही इस फिल्म की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं। लंबे समय से चर्चा में बनी इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी को बीते साल तब बड़ा झटका लगा था, जब परेश रावल के फिल्म से अलग होने की खबर सामने आई थी। हालांकि बाद में मेकर्स और परेश रावल के बीच मतभेद सुलझ गए, लेकिन अब फिल्म एक नए और गंभीर कानूनी विवाद में फंसती दिख रही है।
‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के ओरिजिनल राइट्स पर खड़ा हुआ विवाद
दरअसल, अब ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के ओरिजिनल राइट्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। साउथ की एक फिल्म प्रोडक्शन कंपनी ने दावा किया है कि इस फ्रेंचाइजी के असली अधिकार उनके पास हैं, न कि फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के पास। यह मामला अब कोर्ट तक पहुंच चुका है। मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, साउथ की प्रोडक्शन कंपनी सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल ने मद्रास हाई कोर्ट में फिरोज नाडियाडवाला के खिलाफ याचिका दायर की है। कंपनी का कहना है कि ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के कॉपीराइट उनके पास हैं और फिरोज नाडियाडवाला को इन्हें इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं था।
क्या है राइट्स से जुड़ा मामला?
रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट में दाखिल याचिका में दावा किया गया है कि फिरोज नाडियाडवाला के पास केवल साल 2000 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘हेरा फेरी’ बनाने का अधिकार था। इसके बावजूद उन्होंने बिना वैध अनुमति के इसका सीक्वल ‘फिर हेरा फेरी’ बनाया, जो साल 2006 में रिलीज हुआ। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि बाद में नाडियाडवाला ने इस फ्रेंचाइजी के राइट्स अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ को बेच दिए।
सीक्वल, प्रीक्वल और किरदारों के इस्तेमाल का नहीं था अधिकार
सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर जीपी विजयकुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने साल 2022 में आदित्य फिल्म्स से ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के पूरे राइट्स खरीदे थे। आदित्य फिल्म्स ही मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ के ओरिजिनल प्रोड्यूसर हैं, जिस पर ‘हेरा फेरी’ आधारित है। उन्होंने मुझे बताया था कि फिरोज नाडियाडवाला को सिर्फ एक हिंदी रीमेक बनाने का अधिकार दिया गया था, लेकिन उन्होंने सीक्वल भी बना डाला। उनके पास न तो सीक्वल, न प्रीक्वल और न ही किरदारों के इस्तेमाल का अधिकार था।”
जब विजयकुमार से पूछा गया कि इस पर पहले कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई, तो उन्होंने कहा कि पहली फिल्म प्रियदर्शन ने बनाई थी, जो उनके बेहद करीबी हैं, जबकि दूसरी फिल्म नीरज वोहरा ने निर्देशित की थी। उस समय कॉपीराइट से जुड़े लोगों को इस पूरे मामले की जानकारी नहीं मिल पाई। उन्होंने आगे बताया, “हमें और ओरिजिनल प्रोड्यूसर्स को बहुत बाद में समझ आया कि नियमों का उल्लंघन हुआ है। उस वक्त हमने सोचा कि जो हो गया, सो हो गया। फिर हमने तय किया कि अगली हिंदी फिल्म खुद बनाएंगे और इसी सिलसिले में अक्षय कुमार से बातचीत शुरू की। तभी पता चला कि नाडियाडवाला ने फ्रेंचाइजी के राइट्स पहले ही उनकी प्रोडक्शन कंपनी को बेच दिए हैं।”
फिरोज नाडियाडवाला को भेजा लीगल नोटिस
विजयकुमार ने कहा कि उन्होंने फिरोज नाडियाडवाला को लीगल नोटिस भी भेजा था और सवाल उठाया था कि जो अधिकार उनके पास थे ही नहीं, उन्हें उन्होंने आगे कैसे बेच दिया। “मेरे पास कोर्ट जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था,” उन्होंने कहा। अब इस कानूनी विवाद के चलते ‘हेरा फेरी 3’ का भविष्य क्या होगा, यह आने वाले दिनों में कोर्ट के फैसले पर ही निर्भर करेगा। फैंस फिलहाल उम्मीद लगाए बैठे हैं कि यह मामला जल्द सुलझे और उनकी पसंदीदा कॉमेडी फ्रेंचाइजी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट सके।