एंटरटेनमेंट
Krrish 4 पर लग सकता है ताला, कौन बना ऋतिक रोशन की फिल्म के रास्ते में कांटा?
ऋतिक रोशन की सुपरहीरो फ्रेंचाइज़ी ‘कृष’ का चौथा पार्ट लंबे समय से दर्शकों के बीच चर्चा में है। फैंस बेसब्री से ‘कृष 4’ से जुड़ी हर नई जानकारी का इंतज़ार कर रहे हैं, लेकिन अब फिल्म को लेकर जो अपडेट सामने आई है, वह फैंस को थोड़ा मायूस कर सकती है।
बजट बना सबसे बड़ी अड़चन
रिपोर्ट के अनुसार, ‘कृष 4’ की शूटिंग को फिलहाल आगे के लिए टाल दिया गया है। इसकी मुख्य वजह फिल्म का भारी बजट बताया जा रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म के निर्देशक और लीड एक्टर ऋतिक रोशन और प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा के बीच बजट को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है। बताया जा रहा है कि ऋतिक, जो इस फिल्म के जरिए निर्देशन में कदम रखने वाले हैं, इसे बेहद भव्य स्तर पर बनाना चाहते हैं। इसी वजह से फिल्म का बजट करीब 500 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा है। वहीं आदित्य चोपड़ा इस प्रोजेक्ट के लिए बजट को 350 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।
बातचीत जारी, लेकिन फैसला नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है। बजट पर सहमति न बन पाने के चलते यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली यह फिल्म फिलहाल होल्ड पर डाल दी गई है। यह भी कहा जा रहा है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकलता, तो फिल्म का निर्माण 2026 में शुरू होने की संभावनाएं भी कमजोर पड़ सकती हैं। इससे पहले मेकर्स ने संकेत दिए थे कि ‘कृष 4’ इस साल फ्लोर पर जाएगी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब इसमें देरी तय मानी जा रही है।
स्क्रिप्ट पर जारी है काम
हालांकि, इस देरी के बावजूद ऋतिक रोशन फिल्म को लेकर पूरी तरह एक्टिव हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह लगातार स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और साथ ही अन्य प्रोडक्शन हाउस से भी बातचीत कर रहे हैं, जो उनकी विज़न के मुताबिक बजट में फिल्म बनाने के लिए तैयार हो सकते हैं।
ऋतिक रोशन का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋतिक रोशन पिछली बार ‘वॉर 2’ में नजर आए थे, जो यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी थी। फिल्म में उनके साथ साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर भी अहम भूमिका में थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई और क्रिटिक्स से भी इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। अब ऋतिक के पास होम्बले फिल्म्स के साथ एक नया प्रोजेक्ट लाइनअप में बताया जा रहा है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।