स्पोर्ट्स

ICC Men’s T20 World Cup 2026: इस बार बड़ी टीमों का ‘फ्लॉप शो’, ऑस्ट्रेलिया का बाहर होना सबसे बड़ा उलटफेर

Published

on

T20 विश्व कप 2026 का पहला दौर रोमांच, उलटफेर और चौंकाने वाले नतीजों से भरा रहा। जहां एक ओर जिम्बाब्वे, इटली और अमेरिका जैसी टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा, वहीं दूसरी ओर कई दिग्गज टीमों की कमजोरियां शुरुआती राउंड में ही उजागर हो गईं। खासतौर पर ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम का ग्रुप स्टेज से बाहर होना टूर्नामेंट का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके अलावा पाकिस्तान, आयरलैंड और इंग्लैंड जैसी टीमों का प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।

ऑस्ट्रेलिया का फ्लॉप शो, गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों रही फेल

साल 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को इस बार भी खिताब का बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन मिचेल मार्श की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया  ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी रही। जोश हेजलवुड और पैट कमिंस की गैरमौजूदगी टीम पर साफ तौर पर भारी पड़ी। जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा, जबकि श्रीलंका ने भी कंगारू टीम को 8 विकेट से आसानी से हरा दिया।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी ने बढ़ाई चिंता

पाकिस्तान की टीम भले ही सुपर 8 की रेस में बनी हुई है, लेकिन उसका प्रदर्शन काफी अस्थिर रहा है। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में नीदरलैंड के खिलाफ टीम हारते-हारते बची, जिसने टीम की कमजोरियों की ओर इशारा कर दिया था। भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान का कमजोर बैटिंग ऑर्डर पूरी तरह बेनकाब हो गया। साहिबजादा फरहान को छोड़कर बाकी बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे। कप्तान बाबर आजम भी इस टी20 विश्व कप में अब तक अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, जो टीम के लिए चिंता का विषय है।

आयरलैंड उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका

आयरलैंड से इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन पॉल स्टर्लिंग की कप्तानी में टीम ने निराश किया। चार मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज करना टीम की कमजोर रणनीति और अस्थिर बल्लेबाजी को दर्शाता है। ओमान के खिलाफ मैच को छोड़ दें तो आयरलैंड का बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह विफल रहा। टॉप ऑर्डर के लगातार फ्लॉप होने के कारण टीम बड़े स्कोर खड़े करने में असफल रही, जिसका खामियाजा उन्हें ग्रुप स्टेज में भुगतना पड़ा।

सुपर 8 में पहुंचकर भी इंग्लैंड का प्रदर्शन फीका

इंग्लैंड की टीम भले ही सुपर 8 में पहुंच गई हो, लेकिन उसका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं कहा जा सकता। टीम कई मैचों में संघर्ष करती नजर आई और नेपाल के खिलाफ तो वह बड़े उलटफेर का शिकार होते-होते बची। वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में भी इंग्लैंड का बल्लेबाजी क्रम कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सका। जोस बटलर, हैरी ब्रूक और फिल सॉल्ट जैसे स्टार बल्लेबाज उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। वहीं, तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी पहले दौर में अपनी छाप छोड़ने में सफल नहीं हो सके।

इस टी20 विश्व कप की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि अपेक्षाकृत छोटी टीमों ने बड़े उलटफेर किए। जिम्बाब्वे, इटली और अमेरिका जैसी टीमों ने शानदार खेल दिखाकर यह साबित कर दिया कि टी20 फॉर्मेट में कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version