स्पोर्ट्स

ICC Men’s T20 World Cup 2026: सुपर-8 में इन तीन मजबूत टीमों से होगी भारत की टक्कर, जानिए पूरा शेड्यूल और चुनौती

Published

on

T20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक चरण में प्रवेश करने जा रहा है। 21 फरवरी से सुपर-8 राउंड की शुरुआत होगी, जहां दुनिया की शीर्ष टीमें खिताब की दौड़ में आमने-सामने होंगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार मुकाबले जीतकर दूसरे राउंड में जगह बनाई है। हालांकि, सुपर-8 में भारत की राह आसान नहीं रहने वाली, क्योंकि ग्रुप में शामिल तीनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही हैं।

22 फरवरी: भारत VS दक्षिण अफ्रीका

सुपर-8 राउंड में भारतीय टीम का पहला मैच 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन पहले दौर में बेहद प्रभावशाली रहा है। टीम ने अपने सभी चार मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई है। उनकी संतुलित गेंदबाजी और मजबूत बल्लेबाजी क्रम भारत के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। ऐसे में इस मैच को सुपर-8 का सबसे अहम मुकाबला माना जा रहा है।

26 फरवरी:  भारत VS जिम्बाब्वे

सुपर-8 स्टेज के दूसरे मैच में भारत का सामना 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

जिम्बाब्वे इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी सरप्राइज टीम बनकर उभरी है। ग्रुप स्टेज में उसने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर बड़ा उलटफेर किया है। टीम की आक्रामक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी ने बड़े-बड़े दिग्गजों को चौंकाया है। यही वजह है कि भारतीय टीम को इस मुकाबले में किसी भी तरह की ढिलाई से बचना होगा।

तीसरा मैच: भारत VS वेस्टइंडीज

सुपर-8 राउंड का तीसरा और आखिरी मैच भारत कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा। शाई होप की कप्तानी में वेस्टइंडीज की टीम ग्रुप स्टेज में अजेय रही है और शानदार फॉर्म में नजर आई है।

बल्लेबाजी में शिमरोन हेटमायर और रदरफोर्ड जबरदस्त लय में हैं, जबकि अकील हुसैन और गुडाकेश मोती की स्पिन जोड़ी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है। स्पिन के खिलाफ भारत की थोड़ी कमजोरी को देखते हुए यह मुकाबला बेहद रोमांचक हो सकता है।

बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत

भारतीय टीम ने भले ही ग्रुप स्टेज में चारों मैच जीते हों, लेकिन बल्लेबाजी में कुछ चिंताएं भी सामने आई हैं। खासतौर पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ टीम को संघर्ष करते देखा गया है। ओपनर अभिषेक शर्मा तीन मैच खेलने के बावजूद अपना खाता तक नहीं खोल सके हैं, जो टीम के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने सवाल होगा कि अगले राउंड में अभिषेक पर भरोसा कायम रखा जाए या संजू सैमसन को मौका दिया जाए। तिलक वर्मा ने अच्छी शुरुआत तो की है, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी निभाते हुए लगातार अच्छी पारियां खेली हैं। अक्षर पटेल और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी भी मौका मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

भारतीय गेंदबाजी इस टूर्नामेंट में टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। वरुण चक्रवर्ती ने चार मैचों में 9 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने भी गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, जबकि शिवम दुबे ने पार्ट-टाइम तेज गेंदबाज के रूप में अहम योगदान दिया है। गेंदबाजों की यह लय सुपर-8 में भी टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज जैसी अजेय टीमों के खिलाफ मुकाबले भारत की ताकत, रणनीति और संतुलन की असली परीक्षा लेंगे। यदि भारतीय बल्लेबाजी अपनी कमजोरियों को दूर कर लेती है और गेंदबाज अपनी लय बरकरार रखते हैं, तो टीम इंडिया सेमीफाइनल की ओर मजबूती से कदम बढ़ा सकती है। आने वाले मुकाबले न सिर्फ रोमांचक होंगे, बल्कि टूर्नामेंट की दिशा भी तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version