स्पोर्ट्स

India–Pakistan T20 World Cup मैच पर सस्पेंस खत्म, जानें कब और कहां होगा महामुकाबला?

Published

on

भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला आखिरकार तय हो गया है। जिस मैच को लेकर पिछले कई दिनों से अनिश्चितता बनी हुई थी, वह अब 15 फरवरी को अपने तय समय पर खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को औपचारिक अनुमति दे दी, जिसके बाद इस बड़े मुकाबले पर मंडरा रहा खतरा टल गया।

क्या है मामला ?

एक फरवरी को पाकिस्तान ने घोषणा की थी कि उसकी क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फ़रवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी। लेकिन यह फैसला पाकिस्तान सरकार की सलाह पर लिया गया था। इसके बाद पूरे टूर्नामेंट पर सवाल खड़े हो गए थे। मैच को लेकर बने इस विवाद के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी के सामने कुछ मांगें रख दीं। पीसीबी ने साफ कहा कि मैच खेलने से पहले इन मांगों पर सहमति जरूरी है।

क्या थी मांगें?

पाकिस्तान की पहली मांग थी कि उसे मिलने वाली आईसीसी की सालाना फंडिंग में बढ़ोतरी की जाए। दूसरी मांग भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को फिर से शुरू करने को लेकर थी। तीसरी मांग मैदान पर खेल भावना के तहत पारंपरिक हैंडशेक को सुनिश्चित करने की थी। हालांकि आईसीसी ने इन तीनों मांगों को मानने से इनकार कर दिया। आईसीसी का कहना था कि मौजूदा नियमों के तहत इन शर्तों पर सहमति संभव नहीं है।

कल ICC के साथ इस बैठक के बाद लाहौर में एक अहम बैठक हुई, जो कई घंटों तक चली। इस बैठक में आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और अन्य सदस्य देशों के साथ बातचीत हुई। पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पूरी स्थिति की जानकारी दी। सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद पाकिस्तान सरकार ने मैच खेलने की मंजूरी दे दी।

ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर बरती नरमी

इस पूरे मामले में बांग्लादेश का मुद्दा भी सामने आया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार की बात कही थी। इससे विवाद और ज्यादा गहरा होता नजर आने लगा था। हालांकि आईसीसी ने इस पर अपना रुख साफ कर दिया। आईसीसी ने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी भी तरह का जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। साथ ही यह भी साफ किया गया कि बांग्लादेश को भविष्य में एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका दिया जाएगा। आईसीसी के इस फैसले के बाद स्थिति काफी हद तक साफ हो गई। तनाव कम हुआ और मैच को लेकर बनी अनिश्चितता धीरे-धीरे खत्म होने लगी।

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान का मुकाबला क्रिकेट का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा कमाई करने वाला मैच माना जाता है। अगर यह मैच नहीं होता, तो आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स को बड़ा नुकसान होता। अब मैच तय होने से टूर्नामेंट और क्रिकेट जगत को बड़ी राहत मिली है। अब सभी की नजरें 15 फरवरी पर टिकी हैं, जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version