स्पोर्ट्स
ICC Men’s T20 World Cup: अब कोई टीम नहीं है कमजोर… नेपाल ने जीता दिल, न्यूजीलैंड और श्रीलंका को मिली कड़ी चुनौती
ICC Men’s T20 World Cup का रोमांच लगातार बढ़ते जा रहा है। हर मुकाबला यह साबित कर रहा है कि अब T20 क्रिकेट में कोई भी टीम कमजोर नहीं है। बड़े नामों के सामने छोटी मानी जाने वाली टीमें भी बेखौफ होकर खेल रही हैं और आख़िरी ओवर तक मुकाबले को खींच ले जा रही हैं। कल खेले गए मैचों में इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और श्रीलंका को जीत तो मिली, लेकिन इन जीतों के पीछे संघर्ष, दबाव और रोमांच की पूरी कहानी छिपी रही, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
इंग्लैंड vs नेपाल
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कल रात क्रिकेट इतिहास का एक बड़ा उलटफेर होते-होते रह गया। ICC Men’s T20 World Cup के इस मुकाबले में नेपाल ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को आख़िरी गेंद तक अपनी उंगलियों पर नचा दिया। हालांकि इंग्लैंड यह मैच 4 रन से जीतने में सफल रहा, लेकिन दिल नेपाल ने जीत लिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड ने 184 रन बनाए, जिसमें जैकब बेथेल और हैरी ब्रुक के शानदार अर्धशतक शामिल रहे। जवाब में 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने निडर और आक्रामक क्रिकेट खेला। कप्तान रोहित पौडेल (39) और दीपेंद्र सिंह ऐरी (44) ने पारी को संभाला, जबकि अंत में लोकेश बम ने तूफानी बल्लेबाज़ी कर नेपाल को जीत की दहलीज तक पहुँचा ही दिया था। आख़िरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन सैम करन की सधी हुई गेंदबाज़ी ने इंग्लैंड को हार से बचा लिया। इंग्लैंड जीत गया, लेकिन नेपाल के जज़्बे ने साबित कर दिया कि वह किसी भी बड़ी टीम को चुनौती देने का दम रखता है।
न्यूज़ीलैंड vs अफगानिस्तान
चेन्नई में खेले गए मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर पिछले वर्ल्ड कप की हार का बदला चुकता किया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 183 रन बनाए। जवाबी पारी में न्यूज़ीलैंड ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए 17.5 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कीवी विकेटकीपर टिम सेइफर्ट (65) और ग्लेन फिलिप्स (42) की दमदार पारियों के दम पर न्यूज़ीलैंड ने यह चुनौतीपूर्ण लक्ष्य 13 गेंद शेष रहते पूरा कर लिया। अफगानिस्तान की ओर से मुजीब उर रहमान की जादुई गेंदबाज़ी (2 विकेट) भी न्यूज़ीलैंड के मध्यक्रम को रोक नहीं सकी।
श्रीलंका vs आयरलैंड
भारत के साथ मेजबानी करने वाली टीम श्रीलंका ने कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने आयरलैंड को 20 रनों से मात दी। टॉस जीतकर आयरलैंड ने श्रीलंका को पहले बल्लेबाज़ी का न्योता दिया, जिसके जवाब में श्रीलंका ने 20 ओवर में 163/6 रन बनाए। कुसल मेंडिस ने नाबाद 56 रन की अहम पारी खेली, जबकि कामिंदु मेंडिस ने 44 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड की टीम कभी लय में नहीं दिखी और 19.5 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के स्पिनर्स वानिंदु हसरंगा (3/25) और महेश तीक्ष्णा (3/23) की घातक जोड़ी आयरिश बल्लेबाज़ों के लिए काल साबित हुई और श्रीलंका ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इन मुकाबलों ने साफ कर दिया है कि इस विश्व कप में हर गेंद, हर ओवर और हर रन मायने रखता है। छोटी मानी जाने वाली टीमें अब डरकर नहीं, बल्कि आंखों में आंखें डालकर खेल रही हैं। यही वजह है कि दर्शकों को आख़िरी गेंद तक सांस रोके रहना पड़ रहा है। आने वाले मैचों में यह रोमांच और भी बढ़ने वाला है।